दिल्ली विधानसभा में AAP का विरोध प्रदर्शन, नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत 14 विधायक निलंबित

Summary :

बाबासाहेब अंबेडकर और भगत सिंह की फोटो हटाने का कर रहे थे विरोध

नई दिल्ली में राजनीतिक उठा-पटक लगातार जारी है। दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को सदन के दूसरे दिन दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना के अभिभाषण के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायकों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया और बाबासाहेब अंबेडकर और भगत सिंह की फोटो को कई दफ्तरों से हटाए जाने का विरोध किया।

इसके बाद आतिशी समेत करीब 14 विधायकों को पूरे दिन के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया है और सभी निलंबित विधायक दिल्ली विधानसभा के बाहर आकर धरने पर बैठ गए हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक हाथों में बाबासाहेब की फोटो लेकर बैठे हुए हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिल्ली विधानसभा के सदन का आज दूसरा दिन है। आज एलजी के अभिभाषण के बाद यहां पर सीएजी रिपोर्ट को सदन में सभी के समक्ष रखा जाएगा और उस पर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि उसमें मुख्य 14 पॉइंट ऐसे हैं जिन पर आम आदमी पार्टी पर भाजपा हमलावर हो सकती है।

इसमें नई शराब नीति, अरविंद केजरीवाल के ‘शीश महल’, परिवहन विभाग में हुई गड़बड़ियों और मोहल्ला क्लीनिक के अहम पॉइंट शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक आतिशी, विशेष रवि, सुरेंद्र सिंह, मुकेश अहलावत, अनिल झा, चौधरी जुबेर अहमद, वीर सिंह, कुलदीप कुमार समेत करीब 14 विधायक हैं जिनको सदन से पूरे दिन के लिए निलंबित किया गया है।

आम आदमी पार्टी कल से ही लगातार बाबासाहेब अंबेडकर और शहीदे आजम भगत सिंह की तस्वीरों को दिल्ली सचिवालय के दफ्तरों और दिल्ली विधानसभा के दफ्तरों से हटाए जाने को लेकर प्रदर्शन कर रही है और यह मांग की जा रही है कि इन तस्वीरों को दोबारा लगाया जाए। अपने अभिभाषण में दिल्ली के एलजी ने यह साफ तौर पर कहा है कि दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू होगी और उसके साथ-साथ पुरानी सभी योजनाएं चालू रहेंगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.