Agra Minki Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा में हुई बेरहमी से हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस को पूरी सफलता नहीं मिल पाई है। आरोपी प्रेमी विनय राजपूत की निशानदेही पर पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं, लेकिन मृतका मिंकी का कटा सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है। आरोपी ने पूछताछ में बताया था कि उसने सिर शाहदरा क्षेत्र के झरना नाले में फेंका था। इसके बाद से पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। सोमवार को भी 15 गोताखोर उतारे गए, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक पुलिस अधिकारी को सस्पेंड भी किया गया है।
Agra Crime News: बोरे में मिली सिर कटी लाश, CCTV से खुला राज
बता दें कि 23 जनवरी की रात जवाहर पुल के पास एक बोरे में बंद सिर कटी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच में मृतका की पहचान पार्वती विहार, टेढ़ी बगिया निवासी 25 वर्षीय मिंकी शर्मा के रूप में हुई। मिंकी संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठी मंजिल पर एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर थी। पुलिस ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी विनय राजपूत—जो उसी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर था—स्कूटी पर बोरा ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
Sensational Murder Case: प्रेम संबंध, विवाद और निर्मम हत्या

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मिंकी और विनय के बीच प्रेम संबंध थे और पिछले छह महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने मिलने के बहाने मिंकी को ऑफिस बुलाया, जहां कहासुनी के बाद उसने चाकू से आठ से अधिक वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। सिर, कपड़े और मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर फेंके गए, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।
Agra Minki Murder Case: परिजनों का आक्रोश, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
मृतका का सिर बरामद न होने से परिजन बेहद आक्रोशित थे और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे। बाद में एत्मादपुर के भाजपा विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के आश्वासन पर परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इस मामले में ट्रांस यमुना थाने के तत्कालीन थाना अध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठे, जिसके बाद उन्हें हटा दिया गया और हरेंद्र कुमार को नया प्रभारी बनाया गया। मृतका के भाई दीपक शर्मा ने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सिर बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है।
यह भी पढ़ें: घर का दरवाजा तय करता है आपकी किस्मत, वास्तु की ये गलती बढ़ा सकती है परेशानी


Download Android App
Download iOS App





