भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश के 5 राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान का स्वागत करते हुए यह दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी।
चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद नड्डा ने X पर एक पोस्ट में कहा, चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी और आगामी 5 वर्षों के लिए जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध भाव से काम करेगी।
चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करता हूं।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी और आगामी 5 वर्षों के लिए जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध भाव से काम करेगी।
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) October 9, 2023
बता दें कि सोमवार को चुनाव आयोग ने देश के 5 राज्यों- मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन राज्यों के चुनावी नतीजे एक ही दिन 3 दिसंबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली में चुनाव की तारीखों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि मिजोरम में राज्य के विधानसभा चुनाव के लिए 7 नवंबर, मध्य प्रदेश में विधानसभा के चुनाव के लिए 17 नवंबर, राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए 23 नवंबर और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 7 नवंबर को 20 सीटों पर और 17 नवंबर को बाकी बची 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। पांचों राज्यों में एक ही दिन, 3 दिसंबर को मतगणना होगी।


Download Android App
Download iOS App



