Baghpat Accident News: उत्तर प्रदेश के मेरठ-बागपत सीमा पर थाना जानी क्षेत्र में हिंडन नदी पुल पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मारुति इग्नीस कार हिंडन नदी में जा गिरी, जिससे कार सवार हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर घायलों को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
Hindon River Accident: हेड कांस्टेबल समेत दो लोगों की मौत

यूपी के मेरठ में यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पुलिस टीम की प्राइवेट कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर हिंडन नदी में जा गिरी। इस हादसे में हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी समेत कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी और दो निजी व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत मेरठ के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सिपाही कौशल और एक निजी व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है।
Hindon River Car Crash: एक मामले की जांच कर लौट रहे थे पुलिसकर्मी

बताया गया है कि हादसे के समय बागपत पुलिस की टीम मेरठ में एक मामले की जांच कर वापस लौट रही थी। मृतक हेड कांस्टेबल राहुल चौधरी बागपत जनपद की डोला चौकी पर तैनात थे और हादसे का शिकार हुई कार उन्हीं की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों का पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।























