Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के ढिकोली गांव में नशे के बढ़ते खतरे को लेकर एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेना था। पंचायत में यह भी तय किया गया कि पंचायत चुनाव के दौरान जो भी प्रत्याशी शराब या नशे का सामान बांटेगा, उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा।
Baghpat News: युवाओं को दिलाई गई नशा न करने की शपथ
यह पंचायत एडवोकेट सोमेंद्र ढाका के आवास पर आयोजित की गई, जहां गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पंचायत के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई और समाज में फैल रही नशे की बुराइयों पर गंभीर चर्चा की गई।

Baghpat News Today: नशा परिवार और समाज को करता है बर्बाद
पंचायत को संबोधित करते हुए एडवोकेट सोमेंद्र ढाका ने कहा कि नशा परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि अगर समाज को सुधारना है तो नशे के खिलाफ सभी को मिलकर खड़ा होना होगा। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव में नशे का सहारा लेने वाले प्रत्याशियों को समाज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।

नशामुक्त समाज के लिए संघर्ष जारी रहेगा: ओमबीर तोमर
पूर्व राज्य मंत्री ओमबीर तोमर ने पंचायत में मौजूद ग्रामीणों से नशे के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत समाज के लिए बेहद खतरनाक है और इसे हर हाल में रोकना होगा। उन्होंने सभी को नशा रोकने का संकल्प दिलाया और कहा कि नशामुक्त समाज बनाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

आसपास के गांवों से पहुंचे लोग
इस पंचायत में साकंलपुठी, सिखेड़ा, पटोली, ओगती, सैदपुर, पांची सहित कई गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में संदीप प्रधान, तरुण फौजी, अजय कुमार, प्रह्लाद ढाका, जय कुमार (पूर्व प्रधान), स्वामी देवमुनि सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: मेहंदी हसन


Download Android App
Download iOS App




