Britain: लिवरपूल में फुटबॉल जीत का जश्न मना रही भीड़ पर चढ़ी कार, 50 लोग घायल

Summary :

लिवरपूल में कार हादसे से जश्न का माहौल बिगड़ा

लिवरपूल में फुटबॉल जीत का जश्न मना रही भीड़ पर एक कार चढ़ गई, जिससे 50 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो कार चला रहा था। यह घटना आतंकवाद से नहीं जुड़ी है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ब्रिटेन के लिवरपूल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां लिवरपूल फुटबॉल क्लब की प्रीमियर लीग जीत का जश्न मना रही भीड़ में एक कार घुस गई। इस हादसे में चार बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। आपातकालीन सेवाओं ने सोमवार को घटना की जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, नॉर्थ वेस्ट एंबुलेंस सर्विस के अनुसार, कुल 50 लोग अस्पताल में भर्ती किए गए हैं, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आईं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है।पुलिस की सहायक मुख्य कांस्टेबल जेनी सिम्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस घटना को आतंकवाद से नहीं जोड़ा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय एक ब्रिटिश व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। माना जा रहा है कि वह कार का चालक था। यह हादसा तब हुआ, जब सोमवार को शहर के केंद्र में हजारों लोग जश्न मना रहे थे। हादसे के बाद कार को वहीं रोक दिया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया कि वाहन परेड मार्ग के बीच में कैसे पहुंचा।

कतर ने आतंकवाद पर भारत की नीति का समर्थन किया

ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना के बाद घायलों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने एक बयान में कहा, “लिवरपूल की घटनाएं भयावह हैं, मेरी संवेदनाएं सभी घायलों और प्रभावित लोगों के साथ हैं। प्रीमियर लीग ने भी एक बयान जारी कर कहा, “हम लिवरपूल में आज शाम की भयावह घटनाओं से स्तब्ध हैं। प्रवक्ता ने आगे कहा, “हमारी संवेदनाएं सभी घायलों और प्रभावित लोगों के साथ हैं। हम इस घटना से निपटने वाली आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय अधिकारियों को अपना पूरा समर्थन देना जारी रखेंगे।”

पुलिस और अग्निशमन अधिकारी पहले से ही परेड मार्ग पर थे, जब वाहन स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे के आसपास भीड़ में घुस गया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में एक गहरे रंग का वाहन तेजी से भीड़ में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। इसमें एक शख्स अचानक हवा में उछलता देखा जा सकता है तो वहीं अन्य लोग कार के आगे बढ़ने पर जमीन पर गिरे दिख रहे हैं। वीडियो में लोगों को पीड़ितों की ओर भागते हुए और वाहन को घेरते हुए भी दिखाया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.