CBSE March 3rd Exam Postponed: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने मध्य पूर्व एशिया के विभिन्न देशों में आयोजित होने वाली कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एक और सर्कुलर जारी किया है। बोर्ड ने ईरान-इजरायल युद्ध के मद्देनजर फिलहाल यहां अगली दो और बोर्ड परीक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है। यह निर्णय बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित संबद्ध विद्यालयों के लिए लागू होगा।
CBSE board exams 2026: 3 मार्च को लिया गया ये निर्णय
मंगलवार तीन मार्च को यह निर्णय इस पूरे क्षेत्र के वर्तमान गंभीर हालात की समीक्षा के बाद लिया गया। बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार 05 मार्च (गुरुवार) और 06 मार्च (शुक्रवार) को निर्धारित कक्षा 10 और कक्षा 12 सीबीएसई बोर्ड की सभी परीक्षाएं फिलहाल मध्य पूर्व के इन देशों में स्थगित कर दी गई हैं। बोर्ड का कहना है कि इन देशों के लिए नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 05 मार्च को स्थिति की एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी। पांच मार्च को होने वाली इस समीक्षा में बोर्ड 07 मार्च से निर्धारित शेष परीक्षाओं के संबंध में आगे का निर्णय लेगा।
Middle East: सीबीएसई ने किन देशों के लिए लिया ये फैसला
बोर्ड का कहना है कि उस समय की परिस्थितियों के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। बोर्ड ने बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित सीबीएसई संबद्ध विद्यालयों व सभी विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए अपने-अपने विद्यालयों व सीबीएसई के संपर्क में बने रहें। साथ ही बोर्ड ने केवल आधिकारिक घोषणाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया है।
Class 10 and 12: CBSE ने खाड़ी देशों के भारतीय दूतावासों को भेजी आधिकारिक सूचना
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज द्वारा जारी इस सर्कुलर की प्रति संबंधित देशों में स्थित भारतीय राजदूतों तथा दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूत और बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। जिन देशों में स्थित भारतीय दूतावासों से यह आधिकारिक जानकारी साझा की गई है उनमें अबू धाबी का भारतीय दूतावास, रियाद में भारतीय दूतावास, मस्कट का भारतीय दूतावास, दोहा स्थित भारतीय दूतावास, बहरीन का भारतीय दूतावास, कुवैत में भारतीय दूतावास, तेहरान का भारतीय दूतावास, दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास और दुबई स्थित केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय शामिल है।
Exam Postponement: विद्यार्थियों की सुरक्षा पहले: 26 देशों में जारी CBSE परीक्षाएं
बोर्ड ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और हित सर्वोपरि हैं तथा परिस्थितियों के अनुसार आगे की सूचना समय पर जारी की जाएगी। गौरतलब है कि सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं विश्व के कई देशों में आयोजित की जाती हैं। इस साल यह परीक्षाएं 26 देशों में एक साथ आयोजित की जा रही थीं। इनमें मध्य पूर्व एशिया के देश भी शामिल थे। इन देशों में भी भारत के साथ ही 17 फरवरी को सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई थीं।
CBSE March 3rd Exam Postponed: मिडिल ईस्ट में 5-6 मार्च की CBSE परीक्षाएं भी स्थगित
मध्य पूर्व एशिया के इन देशों में पहले दो मार्च को होने वाली परीक्षा स्थगित करनी पड़ी थी। इसके बाद अब पांच और छह मार्च को होने वाली दसवीं व बारहवीं की बोर्ड परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं। हालांकि भारत समेत विश्व के अन्य देशों में यह परीक्षाएं नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं।
Also Read: अमेरिका में ईरान पर हमले के विरोध में भारतीय छात्रा की गोली मारकर हत्या



























