Child Drowned in Pit: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में फिर एक पानी से भरे गड्ढे ने मासूम की जान ले ली। बादलपुर थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर 5 साल के एक बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्चा अपने घर से कुछ ही दूर पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गया। गड्ढा गहरा होने की वजह से वह उसमें फंस गया और बाहर नहीं निकल पाया। बाद में जब उसे निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
Child Drowned in Pit: खेलते समय गड्ढे में गिरा मासूम

पुलिस के मुताबिक, प्रीत विहार कॉलोनी में रहने वाले उमेश कुमार का 5 साल का बेटा देव छपरौला गांव के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। उमेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। देव बुधवार दोपहर स्कूल से घर आया और इसके बाद वह खेलने के लिए बाहर निकल गया था। लेकिन फिर वह लौटकर नहीं आ पाया। पानी से भरे गड्ढे में डूबकर मासूम बच्चे की मौत हो गई। देव की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, प्रीत विहार कॉलोनी से निकलने वाला पानी घर से कुछ ही दूरी पर एक गड्ढे में जमा होता है। खेलते समय देव उसी पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। बच्चे के गिरने का शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और देव को पानी से बाहर निकाला।
Child Drowned in Pit: परिजनों ने नहीं दर्ज कराई शिकायत

इसके बाद देव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह गड्ढा इलाके के एक किसान के खाली खेत में बना हुआ है, जिसमें कॉलोनी का पानी जमा होता है। अभी तक परिजनों ने इस घटना के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इस घटना ने लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को फिर उजागर कर दिया है, जिससे एक मासूम की जान चली गई।


Download Android App
Download iOS App




