Crime Rate in Raipur : राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने गंभीर चिंता जताई है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि शहर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
उन्होंने हाल ही में हुई चाकूबाजी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक युवक की हत्या और एक नाबालिग के गंभीर रूप से घायल होने की घटना बेहद चिंताजनक है। ऐसे मामलों से यह स्पष्ट होता है कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है।
शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बावजूद अपराधों पर कोई ठोस नियंत्रण नहीं दिख रहा है। शहर में लगातार हत्या, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यह सवाल उठता है कि पुलिस व्यवस्था आखिर किस दिशा में काम कर रही है।
पुलिस बल की कमी
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध नियंत्रण की बजाय ट्रैफिक चालान और वसूली में अधिक व्यस्त नजर आ रही है। जबकि जमीनी स्तर पर पुलिस बल की कमी अब भी बनी हुई है, जिसके चलते अपराधों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि गृहमंत्री और मुख्यमंत्री के नाक के नीचे राजधानी में इस तरह की घटनाएं होना शासन-प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।
अंत में शुक्ला ने मांग की कि सरकार तत्काल ठोस कदम उठाए, पुलिस बल को मजबूत किया जाए और राजधानी में कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह भी पढ़ें – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, हर श्रमिक तक पहुंचेगी योजना, ‘ई-श्रम साथी’ ऐप लॉन्च


Download Android App
Download iOS App




