काशी में महाशिवरात्रि से पहले भक्तों की भीड़, ड्रोन से निगरानी

Summary :

महाकुंभ के बाद श्रद्धालु काशी की ओर रुख कर रहे हैं

प्रयागराज में जारी महाकुंभ के बाद श्रद्धालु काशी की ओर रुख कर रहे हैं। रोजाना लाखों की संख्या में भक्त काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए वाराणसी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। महाशिवरात्रि से पहले भीड़ बढ़ने की आशंका के चलते चौराहों, गंगा घाटों और प्रमुख मंदिरों पर पुलिस तैनात की गई है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि बनारस में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के तहत प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं को चिन्हित कर अलग-अलग किया गया है, जिससे लोगों की आवाजाही सुगम रहे।

घाटों पर भी पुलिस बल के अलावा NDRF और जल पुलिस की टीमों को तैनात किया गया है। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विश्वनाथ मंदिर से भदौरिया चौराहे तक कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश मार्गों को जिग-जैग पैटर्न में रखा गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और दर्शन की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के बावजूद उनमें आस्था और भक्ति का उत्साह कम नहीं हुआ है। लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद भगवान शिव के दर्शन के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। नागपुर से आईं श्रद्धालु नीला देशपांडे ने बताया, “हम यहां दो घंटे से खड़े हैं। मोती से आने में एक घंटा लगा। काशी में बहुत भीड़ है, हर गली में लोग ही लोग नजर आ रहे हैं। लेकिन आस्था की भावना इतनी प्रबल है कि सब कुछ सहन कर रहे हैं।

गुजरात के आणंद से आए अरविंद पटेल ने बताया, “यहां बहुत भीड़ है। हम लोग चार घंटे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक दर्शन नहीं कर पाए। इतनी दूर से आए हैं, तो दर्शन करके ही जाएंगे। वहीं, झारखंड से आए श्रद्धालु आरके सिन्हा ने कहा, “आज सोमवार है, इसलिए भीड़ और ज्यादा हो गई है। लेकिन हम भी पूरी श्रद्धा के साथ दर्शन के लिए आए हैं। गुदौलिया से चौक तक के मार्ग पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मंदिर प्रशासन और पुलिसकर्मी लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.