महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में श्रद्धालुओं ने की योगी सरकार की तारीफ

Summary :

महाकुंभ का बुधवार को महाशिवरात्रि पर समापन हो गया

प्रयागराज, 26 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी (पौष पूर्णिमा) से आयोजित भव्य और दिव्य महाकुंभ का बुधवार को महाशिवरात्रि पर समापन हो गया। महाशिवरात्रि पर पवित्र स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम तट पर पहुंचे। महाकुंभ के आखिरी स्‍नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उच्च स्तर के अधिकारी तैनात रहे। किसी भी श्रद्धालु को स्नान करने में दिक्कत नहीं हुई। आखिरी दिन महाकुंभ में स्नान करने पहुंचे कुछ श्रद्धालुओं से न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने बातचीत की।

कानपुर से आई एंजल ने बताया कि महाशिवरात्रि पर स्नान कर बहुत अच्छा अनुभव हुआ। टीएन मिश्रा ने बताया कि वह लखनऊ से कुंभ में स्नान करने आए हैं। योगी सरकार की तैयारियां बहुत अच्छी रही हैं। सारी सुविधाएं मिलीं। बोटिंग की व्यवस्था की गई। इससे पहले कभी इस तरह की व्यवस्था नहीं देखी। साफ-सफाई की व्यवस्था भी नंबर-एक है।

मालती मिश्रा ने कहा कि कुंभ में अच्छी व्यवस्था है। संगम घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की अच्‍छी व्यवस्था थी। इतनी भीड़ आने के बाद भी किसी भी श्रद्धालु को दिक्कत नहीं हुई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश को विकास के पथ पर ले जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह आगे भी अच्छा कार्य करते रहेंगे।

जाह्नवी मिश्रा ने कहा कि मुझे यहां आकर काफी अच्छा लगा है। यह कुंभ खास इसलिए था, क्योंकि यह 144 साल के बाद आयोजित हुआ। इसलिए इसकी महत्ता भी बढ़ जाती है। हम सनातन संस्कृति से जुड़े हुए हैं, इसलिए हम यहां पवित्र स्नान करने के लिए आए।

बता दें कि महाकुंभ को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “13 जनवरी पौष पूर्णिमा से प्रारंभ महाकुंभ-2025 प्रयागराज में 26 फरवरी महाशिवरात्रि तक 45 दिनों में 66 करोड़ 21 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी में स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया। विश्व इतिहास में यह अभूतपूर्व और अविस्मरणीय है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.