राज्यपाल संतोष कुमार ने रांची में ई-लाइब्रेरी और साइबरपीस सेंटर का किया उद्घाटन

Summary :

‘नमो ई-लाइब्रेरी’ ज्ञान का भव्य द्वार: राज्यपाल संतोष कुमार

रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर रांची के अरगोड़ा में स्थापित ‘नमो ई-लाइब्रेरी’ सह ‘साइबरपीस कम्युनिटी सेंटर’ की बुधवार को औपचारिक शुरुआत हुई। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इसका उद्घाटन करते हुए इसे रांची की जनता के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताया।

राज्यपाल ने कहा कि यह केंद्र ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस उल्लेखनीय पहल के लिए रक्षा राज्य मंत्री और साइबरपीस फाउंडेशन की सराहना की।

‘नमो ई-लाइब्रेरी’ को ज्ञान का भव्य द्वार बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह केवल एक पुस्तकालय नहीं, बल्कि डिजिटल शिक्षा और शोध का एक अत्याधुनिक केंद्र है। उन्होंने सांसद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उनके संसदीय क्षेत्र में 2005 में पुस्तकालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर होगा कि इस केंद्र के लिए एक उपयुक्त स्थान तलाश कर इसे और विस्तार दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इससे लाभान्वित हो सकें।

संतोष कुमार गंगवार ने साइबरपीस कम्युनिटी सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र तकनीकी सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की पहल झारखंड को साइबर सुरक्षा, तकनीकी शिक्षा और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

संजय सेठ ने कहा कि यहां साइबर स्किल और साइबर सुरक्षा से जुड़े इंडिया एआई मिशन, नेशनल क्वांटम मिशन, ड्रोन दीदी जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके साथ ही महीने में एक बार परिचर्चा सत्र आयोजित किया जाएगा, जहां विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण और जानकारी दी जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.