शादी की धूम ने छीन ली बेजूबानों की जान! DJ की तेज आवाज से मरी पोल्ट्री फार्म की 140 मुर्गियां, दर्ज हुई FIR

Summary :

DJ Sound Kills Chickens: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान बज रहे डीजे की तेज आवाज ने बड़ा नुकसान कर दिया। दरियापुर गांव में आयोजित इस शादी में खुशी का माहौल अचानक चिंता में बदल गया, जब पास के एक पोल्ट्री फार्म में बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, दरियापुर गांव निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी 25 अप्रैल को थी। बारात कुड़वार क्षेत्र के राम भद्र पुरवा गांव से आई थी। बारात में डीजे…

DJ Sound Kills Chickens: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह के दौरान बज रहे डीजे की तेज आवाज ने बड़ा नुकसान कर दिया। दरियापुर गांव में आयोजित इस शादी में खुशी का माहौल अचानक चिंता में बदल गया, जब पास के एक पोल्ट्री फार्म में बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, दरियापुर गांव निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी 25 अप्रैल को थी। बारात कुड़वार क्षेत्र के राम भद्र पुरवा गांव से आई थी। बारात में डीजे पूरी आवाज में बज रहा था और लोग नाच-गाने में व्यस्त थे। जब बारात गांव के अंदर से गुजर रही थी, उसी दौरान यह जुलूस साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से निकला।

DJ Sound Kills Chickens: तेज आवाज से मची अफरा-तफरी

पोल्ट्री फार्म के मालिक साबिर अली का कहना है कि डीजे की आवाज बहुत ज्यादा तेज थी। इसके साथ ही तेज कंपन भी हो रही थी, जिससे फार्म के अंदर मौजूद मुर्गियां घबरा गईं। अचानक हुए इस शोर और कंपन से मुर्गियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घबराहट के कारण कई मुर्गियां एक-दूसरे से टकराने लगीं और कुछ ही समय में करीब 140 मुर्गियों की मौत हो गई।

Sultanpur Chickens Death: फार्म मालिक ने दर्ज कराई FIR

Sultanpur Chickens Death
Sultanpur Chickens Death (Source: Social Media)

साबिर अली ने बताया कि उन्होंने डीजे संचालकों और बारातियों से आवाज कम करने की अपील की थी, लेकिन किसी ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया। उनका कहना है कि अगर समय रहते आवाज कम कर दी जाती, तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। इस घटना से उन्हें आर्थिक रूप से भी भारी नुकसान झेलना पड़ा है।

घटना के बाद परेशान साबिर अली ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक भरत सिंह ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान कुड़वार के परसीपुर निवासी कवि यादव के रूप में हुई है।

Loud DJ Music Noise Pollution: वैज्ञानिक पहलुओं से होगी जांच

पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वास्तव में तेज ध्वनि और कंपन मुर्गियों की मौत का मुख्य कारण बने। एक्स्पर्ट्स की मदद से यह भी समझने की कोशिश होगी कि इस तरह की आवाज का जानवरों पर क्या असर पड़ता है। इस घटना के बाद एक बार फिर ध्वनि प्रदूषण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। शादी और अन्य समारोहों में तेज आवाज में डीजे बजाना आम बात हो गई है, लेकिन इसके दुष्परिणाम अब सामने आने लगे हैं। यह घटना न केवल इंसानों बल्कि जानवरों के लिए भी तेज शोर के खतरनाक प्रभाव को दिखाती है।

यह भी पढ़ें: 6 घंटे का सफर, पर्यटन को मिलेगी रफ्तार, गंगा एक्सप्रेसवे से इन प्रसिद्ध धाम जाना होगा आसान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।