Etah News: एटा जनपद के सकीट थाना क्षेत्र के मोहल्ला पीपल टोला में दलित बेटी की शादी समारोह के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। मामला उस समय गरमा गया जब दलित समाज की दलित दुल्हन की भाभी ने आरोप लगाया कि दलित दूल्हे की बारात को रास्ते में रोका गया और समाज विशेष के लोगों ने मारपीट की। मामला पुलिस की संज्ञान में आने के बाद पुलिस सुरक्षा में शादी का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। फिलहाल पुलिस इस पुरे मामले की जांच कर रही है।
बारात और तिलक कार्यक्रम में टकराव
बताया जा रहा है कि शाक्य समाज के एक परिवार में तिलक समारोह चल रहा था, जहां डीजे बज रहा था। इसी दौरान दलित समाज की बारात भी इसी रास्ते से जा रही थी कि तभी बारात में डांस कर रहे कुछ युवक डीजे पर डांस करने लगे। आरोप है कि मना करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
देर रात जब दलित समाज की बारात चढ़ रही थी, उसी रास्ते में शाक्य समाज का कार्यक्रम भी चल रहा था। इसी दौरान फिर विवाद हुआ और मारपीट का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शाक्य समाज के पक्ष का कहना है आरोप गलत है पुरे मामले को दलित एंगल की तरफ मोड़ा जा रहा है।
पुलिस ने स्थिति काबू में की, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बारात रोकने और दलित समाज के लोगों से मारपीट के आरोप प्रथम दृष्टया गलत प्रतीत हो रहे हैं।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच सामने आता है।
यह भी पढ़ें: Bharat Bandh Today: आज देशभर में हड़ताल, कौन-कौन शामिल और क्या हैं मुख्य मांगें?






















