उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कुंभ में स्नान करके घर लौट रहे श्रद्धालुओं की एक कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। सोमवार को हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और हाईवे की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एडिशनल एसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह ने बताया कि एक कार सवार, जो कि कुंभ से राजस्थान वापस जा रहे थे, तभी जसवंत नगर में उनकी गाड़ी में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। उनका इलाज अस्पताल में हो रहा है।
जिला चिकित्सालय के डॉक्टर शिवम राजपूत ने बताया कि थाना जसवंत नगर के ग्राम नगला कन्हई के पास एक एक्सीडेंट हुआ था। इसमें एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। जिसमें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तीन लोग लाए गए थे। वे तीनों मृत थे। सभी के शव गृह में रखवा दिए गए। दो घायलों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हो रहा है। ये लोग कुंभ से स्नान करके भरतपुर लौट रहे थे। कार सवार लोग राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं। पांचों लोग कुंभ से स्नान के बाद वापस अपने घर जा रहे थे।पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जबकि मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ज्ञात हो कि इसके पहले भी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक बोलेरो और बस की भिड़ंत हो गई। जिससे 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। इस दौरान गाड़ी के कई टुकड़े हो गए थे। भीषण हादसे की आवाज से आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकाला। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।


Download Android App
Download iOS App



