गौतम अदाणी के दृष्टिकोण से मध्य प्रदेश में निवेश को मिलेगी नई दिशा: CM मोहन यादव

Summary :

ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में अदाणी का स्वागत, निवेश को नई दिशा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार से दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट शुरू हो रही है। इस समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। इस आयोजन में अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी भी हिस्सा ले रहे हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि गौतम अदाणी के विचार और दृष्टिकोण से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और राज्य की प्रगति को नई दिशा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री यादव ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी के भोपाल पहुंचने पर स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अदाणी का भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में स्वागत है।

आपके आगमन से मध्य प्रदेश में निश्चित ही निवेश और विकास के नए द्वार खुलेंगे। साथ ही, आपके विचार और दृष्टिकोण से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर और राज्य की प्रगति को नई दिशा भी मिलेगी।”

राजधानी में दो दिवसीय ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन कर रहे हैं। वहीं समापन समारोह में देश के गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। समिट में सहभागिता के लिए 25 हजार से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इनमें 50 से अधिक देशों के 100 से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भोपाल आ रहे हैं। इसमें राजदूत, उच्चायुक्त और महावाणिज्य दूत शामिल हैं। समिट में व्यापक पैमाने पर भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि मध्य प्रदेश ने देश-दुनिया के निवेशकों को आकर्षित किया है।

कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा और वस्त्र, खनन, सूचना प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन और खाद्य जैसे प्रमुख निवेश क्षेत्र विभिन्न सम्मेलनों के माध्यम से निवेशकों को अनंत संभावनाओं से परिचित कराएंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.