ग्रेटर नोएडा: पुलिस बैरिकेड को गाड़ी से बांधकर खींचा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Summary :

महिन्द्रा स्कॉर्पियो से बैरिकेड घसीटने की घटना

ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शादी समारोह से लौटते समय पुलिस बैरिकेड को कार से बांधकर खींचा था। पुलिस ने महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार बरामद कर ली है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रेटर नोएडा में थाना दनकौर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है। आरोपियों के फरवरी की घटना का वीडियो 31 मई 2025 को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दो व्यक्ति कार से पुलिस के बैरिकेड को रस्सी से बांधकर घसीटते हुए नजर आ रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय की है, जब आरोपी एक शादी समारोह से लौट रहे थे।आरोपियों ने जानबूझकर पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे लगे पुलिस के बैरिकेड को कार से रस्सी के माध्यम से बांधकर घसीटा और उसे नुकसान पहुंचाया। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने भी यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। पुलिस की सक्रियता के चलते 2 जून को जेपी स्पोर्ट्स सिटी के मेन रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

राम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा 3 से 5 जून तक, भीड़ से बचने की अपील

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निशान्त पंडित, सौरभ पंडित, निवासी ग्राम हबीबपुर थाना ईकोटेक-3 और आर्यकेत, निवासी ग्राम चौगानपुर थाना ईकोटेक-3 शामिल हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद महिन्द्रा स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की गंभीर श्रेणी में आती हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने इस पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी, जिससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी ऐसी घटना देखें तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.