मारा गया हमास सैन्य कमांडर! इजराइली PM के बाद अब सेना ने दी जानकारी

Summary :

हमास कमांडर मोहम्मद सिनवार की मौत पर इजराइल का दावा

इजराइली सेना ने गाजा में सुरंग पर हवाई हमले में हमास के वरिष्ठ सैन्य नेता मोहम्मद सिनवार की मौत की पुष्टि की है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू पहले ही इस बात की घोषणा कर चुके थे। खुफिया जानकारी के आधार पर सिनवार के छिपे होने की संभावना के चलते यह हमला किया गया। हालांकि, सिनवार की मौत के प्रमाण अभी तक सामने नहीं आए हैं।

Israel-Hamas War: इजराइल- हमास संघर्ष के बीच इजराइली रक्षा अधिकारियों ने बड़ा दावा किया है. अधिकारियों का कहना है कि गाजा में एक सुरंग पर किए गए हवाई हमले में हमास के सीनियर सैन्य नेता मोहम्मद सिनवार की मौत हो गई है. इजराइली सेना के अनुसार, 13 मई को गाजा स्थित एक अस्पताल के नीचे मौजूद सुरंग नेटवर्क को निशाना बनाकर भारी बमबारी की गई थी.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर माना जा रहा था कि मोहम्मद सिनवार इसी सुरंग में छिपा हुआ था, इसी कारण उस स्थान पर हमला किया गया. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कुछ दिन पहले ही सिनवार की मौत की पुष्टि की थी, और अब इजराइली सेना ने भी इस दावे को दोहराया है. हालांकि, अभी तक सिनवार के मारे जाने के कोई प्रमाण सामने नहीं आए हैं.

हमास के अन्य कमांडर भी मारे गए

सेना ने यह भी बताया कि इस हमले में हमास के दो अन्य वरिष्ठ कमांडर भी मारे गए. सिनवार पर आरोप था कि वह बंधकों की रिहाई और संघर्षविराम वार्ता में रुकावट डाल रहा था. उसकी मौत से क्षेत्र में और अधिक तनाव की आशंका जताई जा रही है.

मोहम्मद सिनवार, याह्या सिनवार का छोटा भाई था. याह्या हमास का शीर्ष नेता था और अक्टूबर 2023 में इजराइल पर हुए हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता था. उसकी मौत पिछले साल 16 अक्टूबर को एक इजराइली हमले में हुई थी.

जुलाई 2024 में संभाली थी हमास की सैन्य कमान

मोहम्मद सिनवार को जुलाई 2024 में हमास के सैन्य विंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वह हमास की खान यूनिस ब्रिगेड का प्रमुख भी था. इजराइली खुफिया एजेंसियों ने उसकी जानकारी देने वाले को 3 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की थी.

गौरतलब है कि इजराइल और हमास के बीच 19 जनवरी को युद्धविराम घोषित किया गया था, लेकिन 18 मार्च को इजराइल ने गाजा में पुनः सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी थी. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने स्पष्ट कहा था कि जब तक हमास का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता, तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा.

Israel ने Syria के हथियार डिपो पर किया हवाई हमला

गाजा में बढ़ता मानवीय संकट

संयुक्त राष्ट्र और कई मानवाधिकार संस्थाओं ने गाजा में बिगड़ती मानवीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की है. अस्पतालों, बिजली, पानी और भोजन की भारी कमी के बीच आम नागरिकों की स्थिति गंभीर होती जा रही है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।