ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल में भारी बारिश से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार रात बढ़कर 29 हो गई जबकि 60 अन्य लोग अब भी लापता हैं। राज्य की नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने यह जानकारी दी। एजेंसी ने इससे पहले बारिश के कारण 13 लोगों की मौत होने और 21 लोगों के लापता होने की जानकारी दी थी। उसने बाद में बताया कि मृतक संख्या बढ़कर 29 हो गई है और 60 लोग लापता हैं।
- ब्राजील के दक्षिणी राज्य रियो ग्रांडे डो सुल में भारी बारिश हुई थी
- अब तक इसमें मरने वालों की संख्या 29 हो गई है
- हादसे में 60 अन्य लोग अब भी लापता हैं
बारिश से 10,000 लोगों ने अपना घर छोड़ा
ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने स्थानीय अधिकारियों से मिलने और अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए बृहस्पतिवार को राज्य का दौरा किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस बारिश से प्रभावित हुए लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारी सरकार हरसंभव कोशिश करेगी।’’ एजेंसी ने बताया कि बारिश के कारण 10,000 से अधिक लोगों को अपने घर छोड़कर जाना पड़ा। सोमवार को शुरू हुई बारिश के शुक्रवार तक जारी रहने के आसार है।
सुरक्षा अधिकारियों ने सहायता के लिए चलाया अभियान
आपको बता दें कि सुरक्षा अधिकारियों ने फंसे हुए लोगों की सहायता के लिए ब्राजीलियाई वायु सेना को बचाव अभियान में लगाया। हालात को देखते हुए दो हेलीकॉप्टर तैनात किए गए। दक्षिणी राज्य की संकटग्रस्त कैबिनेट की 1 मई को बैठक हुई। एक बयान में उप-गवर्नर गेब्रियल सूजा ने कहा कि ज्यादा प्रभाविक वाले इलाकों से लोगों को बचाना प्राथमिकता है। बचाव अभियान के तहत 130 से अधिक लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। सूजा ने कहा कि चेतावनी की स्थिति में बांधों को लेकर विशेष चिंता है, लगातार हो रही बरसात के कारण बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने बताया कि आसपास के इलाकों के निवासियों को सुरक्षित जगह भेजा जा रहा है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





