Uttarakhand में भारी बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया Yellow Alert

Summary :

Uttarakhand: उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बर्फबारी और बारिश

पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह हुई बर्फबारी और बारिश के बाद एक बार ठंड का एहसास होने लगा है। उत्तराखंड के गंगोत्री धाम, मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा, हर्षिल, धराली, बगोरी, झाला, जसपुर, दयारा बुग्याल समेत ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है।

हर्षिल घाटी समेत उत्तरकाशी जनपद के ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ चांदी की तरह चमक रही है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। जिले में मौसम के करवट बदलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। उन्होंने अच्छी फसल होने की उम्मीद जताई है।

उत्तराखंड के जनपद रुद्रप्रयाग में बीते 24 घंटों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी है। जानकारी के मुताबिक, केदारनाथ धाम, त्रियुगीनारायण, तुंगनाथ, चोपता सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि शीतकालीन सीजन में पहली बार बर्फबारी और बारिश हुई है, बीते नवंबर से अब तक बर्फबारी और बारिश नहीं हुई थी।

इस बीच मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग समेत अन्य जिलों में बारिश और बर्फबारी की स्थिति अभी बनी रहेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.