लॉस एंजेलिस : अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अमेरिका क्रिकेट बोर्ड (USA Cricket – USAC) को लेकर अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, ICC अगले महीने होने वाली अपनी वार्षिक बैठक में USAC को सस्पेंड करने का बड़ा फैसला ले सकता है, यदि बोर्ड नेतृत्व में जरूरी बदलाव नहीं करता।
ICC ने पिछले साल जुलाई में टी20 विश्व कप समाप्त होने के तुरंत बाद USAC को 12 महीने का गवर्नेंस नोटिस भेजा था, जिसकी अवधि अब समाप्त होने वाली है। परिषद ने USAC पर प्रशासनिक विफलताओं का आरोप लगाते हुए एक सामान्यीकरण समिति (Normalization Committee) का गठन भी किया था, जिसका उद्देश्य बोर्ड के कामकाज में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित करना था।
लॉस एंजेलिस में अहम बैठक
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इसी महीने ICC की एक टीम लॉस एंजेलिस पहुंची और यूएस ओलंपिक और पैरालंपिक समिति के अधिकारियों से मुलाकात की। इस बैठक में सामान्यीकरण समिति और USAC के कुछ वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक, ICC अधिकारियों ने दो टूक कहा कि 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को देखते हुए USAC में नेतृत्व परिवर्तन अब एक ‘विकल्प’ नहीं बल्कि ‘आवश्यकता’ बन चुका है।
इस्तीफों का दबाव
ICC ने कथित तौर पर USAC के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों से पद छोड़ने का आग्रह किया है। कुछ अधिकारी इस्तीफा देने को तैयार हैं, लेकिन कुछ अभी भी पद नहीं छोड़ना चाहते। एक सूत्र ने बताया कि USAC की ओर से अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, हालांकि आने वाले दिनों में बोर्ड के कई अधिकारियों के इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है।
ICC की ओर से अब तक चुप्पी
अब तक इस पूरे घटनाक्रम पर ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों की मानें तो बोर्ड में बदलाव न होने की स्थिति में USAC को अस्थायी रूप से निलंबित किया जा सकता है। यह निर्णय जुलाई में होने वाली ICC की वार्षिक बैठक में लिया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App


