Indore Road Accident: इंदौर में एक भयानक सड़क हादसा हुआ है। इंदौर के रालामंडल बायपास पर 9 जनवरी, शुक्रवार तड़के एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर और एक अन्य युवक मनसिंधु की मौके पर ही मौत हो गई। कार में मौजूद अनुष्का नाम की युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Bala Bachchan Daughter Death: जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे चारों दोस्त

जानकारी के अनुसार, कार में प्रेरणा समेत चारों दोस्त प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। शुक्रवार तड़के सुबह करीब 4-5 बजे के बीच रालामंडल बायपास पर उनकी कार बेकाबू होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य साथी की हालत गंभीर है। उसे इंदौर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MP Road Accident: कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाले शव
सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला। शवों को बाहर निकालने के लिए कार के कांच और दरवाजे तोड़ने पड़े। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार खुद प्रखर कासलीवाल चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता और परिजन मौके पर पहुंचने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री बाला बच्चन भी इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं।
Indore News: ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शहर के बाहरी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि हादसा किस वजह से हुआ।
यह भी पढ़ें: इंदौर में गंदे पानी का कहर! 9 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा बीमार; CM ने दिए जांच के आदेश


Download Android App
Download iOS App




