Iran-Israel Conflict: खामेनेई को युद्ध अपराधों पर सद्दाम जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी

Summary :

इजरायली रक्षा मंत्री काट्ज ने युद्ध अपराध का आरोप लगाया

इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को इजरायली नागरिकों के खिलाफ युद्ध अपराधों के लिए सद्दाम हुसैन जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इजरायल तब तक अपना आक्रमण जारी रखेगा जब तक ईरान मिसाइल दागना बंद नहीं करता।

इजरायली रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई पर इजरायली नागरिकों के खिलाफ युद्ध अपराध करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि खामेनेई का हश्र इराक के पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन जैसा हो सकता है, जिन्हें अमेरिकी सैनिकों ने पकड़ा और मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए फांसी दी थी। इजरायल के वाईनेट समाचार ने कैट्ज के हवाले से कहा, “मैं ईरानी तानाशाह को युद्ध अपराध जारी रखने और इजरायली नागरिकों पर मिसाइलें दागने के खिलाफ चेतावनी देता हूं। उन्हें (खामेनेई को) याद रखना चाहिए कि ईरान के पड़ोसी देश के तानाशाह के साथ क्या हुआ था, जो इजरायल के खिलाफ इस रास्ते पर चला गया था।”

कैट्ज ने यह स्पष्ट किया कि इजरायल, ईरान के साथ घातक हवाई संघर्ष को रोकने के लिए किसी भी वार्ता में शामिल नहीं है, जो शुक्रवार को बड़े पैमाने पर इजरायली हमले के साथ शुरू हुआ था। कैट्ज ने तेल अवीव के उत्तर में तटीय शहर हर्जलिया के दौरे के दौरान संवाददाताओं से कहा कि हम किसी भी वार्ता में शामिल नहीं हैं और हम इजरायली नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचने देंगे। इजरायल तब तक अपना आक्रमण जारी रखेगा जब तक ईरान इजरायली क्षेत्र पर मिसाइल दागना बंद नहीं कर देता। यह पूछे जाने पर कि क्या संयुक्त राज्य अमेरिका इजरायल के सैन्य अभियान में शामिल हो सकता है, कैट्ज ने कहा कि वाशिंगटन पहले से ही कुछ ईरानी हमलों के खिलाफ इजरायल की रक्षा में सहायता कर रहा है।

ईरान-इजरायल युद्ध में अमेरिका की एंट्री, ट्रंप ने दी ईरान को बिना शर्त आत्मसमर्पण की चेतावनी

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि फिलहाल, यह हमें कुछ हमलों से बचाव में सहायता कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्णय संयुक्त राज्य अमेरिका के निर्णय हैं। हम किसी भी निर्णय का सम्मान करेंगे और किसी भी सहायता की सराहना करेंगे। यह संघर्ष शुक्रवार को तब शुरू हुआ जब इजरायल ने ईरान पर अचानक हमला कर दिया और घोषणा की कि उसका लक्ष्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करना है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इजरायली हमलों में सैकड़ों लोग मारे गए हैं। इजरायली अधिकारियों के अनुसार इजरायल में सैन्य और आवासीय दोनों स्थलों पर हमले हुए हैं, जिसमें 24 लोग मारे गए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.