Iran oracle Data Center Attack: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच एक नई और चिंताजनक खबर सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी टेक कंपनी Oracle के यूएई स्थित डेटा सेंटर को निशाना बनाया है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। बता दें कि हाल के दिनों में Oracle बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी को लेकर चर्चा में है।
कंपनी भारत में 1200 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी है। Oracle ने दुनियाभर में करीब 30 हजार कर्मचारियों की छंटनी का लक्ष्य तय किया है, जिससे टेक इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है। अब डेटा सेंटर पर हमले के दावे ने कंपनी की सुरक्षा और वैश्विक ऑपरेशंस को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
Iran oracle Data Center Attack: दुबई ने दावे को बताया गलत

ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने कहा कि दुबई में Oracle के डेटा सेंटर पर हमला किया गया है। लेकिन यूएई की ओर से इस दावे को खारिज कर दिया गया है। दुबई प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ कहा कि ऐसा कोई हमला नहीं हुआ है। हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का दावा है कि Oracle की कुछ सेवाएं प्रभावित हुई हैं, लेकिन इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।
Oracle क्यों बना निशाना?
Oracle एक बड़ी अमेरिकी टेक कंपनी है, जिसका अमेरिकी रक्षा विभाग से जुड़ाव बताया जाता है। इसके अलावा कंपनी के फाउंडर Larry Ellison के इजरायल से करीबी संबंधों की भी चर्चा होती रही है। इन्हीं कारणों से ईरान इसे एक “वैध लक्ष्य” मानता है और उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की बात करता है।
AWS पर पहले हमले का दावा
इससे पहले Amazon Web Services (AWS) के बहरीन स्थित डेटा सेंटर पर हमले की खबर सामने आई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले से क्लाउड सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जिससे बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं पर असर पड़ा था। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि यूएई और बहरीन में AWS के अन्य सेंटर भी ड्रोन हमलों से प्रभावित हुए।
Iran oracle Data Center Attack: बड़ी टेक कंपनियां खतरे में

ईरान ने कई अमेरिकी टेक कंपनियों को चेतावनी दी है। इसमें Google, Meta, Microsoft, Apple, Intel और IBM जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।
IRGC ने इन कंपनियों को संभावित निशाना बताते हुए यहां तक कहा कि इनके ऑफिस और इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले हो सकते हैं।
कर्मचारियों को दी चेतावनी
ईरान ने इन कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी चेतावनी दी है। कहा गया है कि वे अपने ऑफिस से दूर रहें, क्योंकि ये स्थान संभावित टारगेट बन सकते हैं।
इस चेतावनी के बाद कुछ कंपनियों ने अपने कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। Intel ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वह हालात पर नजर रखे हुए है और कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।
टेक इंफ्रास्ट्रक्चर क्यों बन रहा टारगेट?
ईरान का आरोप है कि ये कंपनियां अमेरिका और इजरायल की सैन्य और खुफिया गतिविधियों में मदद कर रही हैं। खासतौर पर क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेवाओं को अब डिजिटल हथियार की तरह देखा जा रहा है। यही वजह है कि डेटा सेंटर, जो पहले सिर्फ तकनीकी सुविधाओं के लिए जाने जाते थे, अब युद्ध की रणनीति का हिस्सा बनते दिख रहे हैं।
फिलहाल Oracle की सेवाओं में किसी बड़े नुकसान या आउटेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कंपनी की ओर से भी इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन जिस तरह से टेक कंपनियों को सीधे निशाना बनाने की बात हो रही है, उससे साफ है कि आने वाले समय में यह संघर्ष डिजिटल दुनिया को भी गहराई से प्रभावित कर सकता है।
यह भी पढ़ें: कनाडा में मंदिरों के बाहर प्रदर्शन की योजना बना रहे खालिस्तानी संगठन, हिंदू समूहों ने की निंदा


Download Android App
Download iOS App




