झारखंड के कई जिलों में बच्चा चोरी के डर में जी रहे ग्रामीण, पिट रहे निर्दोष लोग

Summary :

Jharkhand Child Kidnapping Case : बच्चा चोरी की अफवाह ने झारखंड के कई जिलों में डर और अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है. जानकारी के अनुसार राजगंज, बेंगाबाद, धनबाद, कोडरमा और राजधानी रांची समेत अलग-अलग इलाकों में महज शक के आधार पर लोगों को भीड़ ने घेर लिया और बेरहमी से पीटा. नौबत यह आई कि कई मामलों में पुलिस की समय पर दखल से लोगों की जान बच सकी. मगर बच्चा चोरी को लेकर फैले डर से इलाकों में अशान्ति बनी हुई है। Jharkhand Child Kidnapping Case : युवक हुआ अधमरा मामला धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र…

Jharkhand Child Kidnapping Case : बच्चा चोरी की अफवाह ने झारखंड के कई जिलों में डर और अराजकता का माहौल पैदा कर दिया है. जानकारी के अनुसार राजगंज, बेंगाबाद, धनबाद, कोडरमा और राजधानी रांची समेत अलग-अलग इलाकों में महज शक के आधार पर लोगों को भीड़ ने घेर लिया और बेरहमी से पीटा. नौबत यह आई कि कई मामलों में पुलिस की समय पर दखल से लोगों की जान बच सकी. मगर बच्चा चोरी को लेकर फैले डर से इलाकों में अशान्ति बनी हुई है।

Jharkhand Child Kidnapping Case : युवक हुआ अधमरा

Jharkhand Child Kidnapping Case
Jharkhand Child Kidnapping Case (source : social media)

मामला धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के महतोटांड़ गांव का है जहां गुरुवार रात बच्चा चोर की अफवाह पर एक अज्ञात युवक को भीड़ ने पकड़ लिया. युवक को लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय मुखिया मनोज महतो और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी भीड़ के गुस्से का सामना करना पड़ा. उनके साथ बदतमीजी की गयी और लाठियां चलाई गयीं.

हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया. युवक की हालत खराब है वह बोलने की स्थिति में नहीं है और उसका इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा है. पुलिस ने जब भीड़ से पूछा कि किसके बच्चे की चोरी का प्रयास हुआ था, तो लोग निरुत्तर हो गये और धीरे-धीरे वहां से हटने लगे. बताया गया कि भीड़ में आसपास के कई गांवों के लोग शामिल थे और कई के हाथ में लाठी व कुल्हाड़ी थी.

Dhanbad Incident : बच्चा चोरी अफवाह के चलते ट्रांसजेंडर को बनाया निशाना

Jharkhand Child Kidnapping Case
Jharkhand Child Kidnapping Case (source : social media)

सोशल मीडिया पर “बच्चा चोर” की अफवाह तेजी से फैल रही थी. इसकी शिकार धनबाद में एक ट्रांसजेंडर हुई। धनबाद के ही बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में मटकुरिया मुक्तिधाम के पास एक ट्रांसजेंडर को बच्चा चोरी के शक में पीट दिया गया. लोगों ने बिना पुष्टि किए उस व्यक्ति को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. हालांकि सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के टीम मौके पर पहुंची.

पुलिस जांच में सामने आया कि वह ट्रांसजेंडर होली के अवसर पर घर-घर जाकर शुभकामनाएं दे रहा था और पैसे मांग रहा था. तलाशी में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी की खबर झूठी थी और मारपीट करने वालों को चेतावनी दी गयी.

Jharkhand Mob Lynching : महिला और अधेड़ की पिटाई

गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पतरोडीह और फुरसोडीह गांव में भी बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक महिला और एक अधेड़ व्यक्ति को पकड़ लिया. दोनों के साथ मारपीट की गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित कब्जे में लिया. पूछताछ में पता चला कि अधेड़ व्यक्ति नशे की हालत में अपने ससुराल जा रहा था, जबकि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी जैसी कोई घटना नहीं हुई थी. यह पूरी तरह अफवाह का परिणाम था.

मानसिक अस्वस्थ युवक पर हमला

ऐसे ही कोडरमा जिले के नावाडीह गांव में भी एक युवक को बच्चा चोर समझकर पीटा गया. ग्रामीणों ने उसे संदिग्ध मानकर पकड़ लिया और मारपीट की. मारपीट की खबर पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रेस्क्यू किया, पता चला कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था। पुलिस जांच के दौरान बच्चा चोरी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया.

महिला समेत तीन पर हमला

राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना घटी, गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे तीन वर्षीय बालक किशन कुमार को टोटो में ले जाते तीन लोगों को ग्रामीणों ने बच्चा चोरी के शक में पकड़ लिया. ये तीनों महिला, टोटो चालक और एक अन्य युवक की स्थानीय लोगों ने पिटाई की.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को भीड़ से बचाया. महिला ने खुद को गुमला जिले की निवासी बताया और कहा कि वह अपनी बेटी-दामाद से मिलने आयी थी. उसके अनुसार बच्चा पहले से टोटो में बैठा हुआ था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और टोटो चालक व अन्य युवक की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है.

बता दें, राज्य के कई जिलों में लगातार फैल रही अफवाहों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोग अपने बच्चों को बाहर अकेले भेजने से कतरा रहे हैं। दूसरी ओर निर्दोष लोग भीड़ के गुस्से का शिकार बन रहे हैं. सोशल मीडिया पर अपुष्ट संदेश तेजी से फैल रहे हैं, जो हालात को और बिगाड़ रहे हैं.

पुलिस की अपील

Jharkhand Child Kidnapping Case
Jharkhand Child Kidnapping Case, representational, ( source : social media)

झारखंड में घर रही इन घटनाओं के मद्देनजर पुलिस लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर आंख मूंदकर विश्वास न करें. किसी पर शक होने पर सीधे पुलिस को फोन करें, कानून अपने हाथ में लेना अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बच्चा चोरी से फैले भ्रम की घटनाओं के चलते कई जगह हालत ऐसे बने कि भीड़ ने शक के चलते लोगों के साथ खूब मारपीट की जिससे उनकी हालत तक गंभीर हो गई।

यह भी पढ़ें – Ranchi: आधी रात काली Bolero का कहर… कार से कुचल दिए किन्नर के दोनों पैर, पुलिस पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।