महाशिवरात्रि पर्व को लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर सजकर तैयार

Summary :

महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर सजकर तैयार हो गया है। मंदिर प्रशासन द्वारा जगमगाती लाइटें लगाई गई हैं। वहीं, मंदिर परिसर में बाहर विभिन्न जगहों पर एलईडी भी लगाई गई है। जहां से काशी विश्वनाथ की आरती लाइव देख सकेंगे। मंदिर प्रशासन को अनुमान है कि महाशिवरात्रि के मौके पर काशी विश्वनाथ के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए करोड़ों लोग पहुंच रहे हैं। यहां पर मां गंगा की आरती और पूजा-अर्चना करने के बाद भारी तादाद में श्रद्धालु काशी विश्वनाथ भी पहुंच रहे हैं।

वाराणसी कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ मंदिर और पूरे काशी में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर प्रशासन और पुलिस समेत सभी संबंधित विभाग व्यवस्था और सुरक्षा पर काम कर रहे हैं। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए इस वर्ष का उत्सव विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जिसमें कई अखाड़े जुलूस में भाग लेंगे और शिवरात्रि पर मंदिर का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि शिव भक्तों की भारी संख्या को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण, पुलिस की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन इस बार के महाशिवरात्रि को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहा है।

19 फरवरी को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “प्रयागराज में करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इस साल 13 जनवरी से लेकर 13 फरवरी तक काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए एक करोड़ 55 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। वहीं, 1 फरवरी से 17 फरवरी तक एक करोड़ चार लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। यह अपने-आप में एक रिकॉर्ड है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.