बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का निधन, पीएम मोदी और मोहम्मद युनुस समेत कई दिग्गजों ने जताया शोक

Khaleda Zia News

Khaleda Zia News: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। खालिदा जिया के योगदान को याद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खालिदा जिया के जाने से देश ने लोकतंत्र की एक मजबूत संरक्षक और अनुभवी राजनेता को खो दिया है।

PM मोदी ने जताया दुख

Khaleda Zia News
Khaleda Zia News (Image- Social Media)

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर, बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मुझे 2015 में ढाका में उनसे हुई अपनी गर्मजोशी भरी मुलाकात याद है। हमें उम्मीद है कि उनकी सोच और विरासत हमारी साझेदारी को आगे भी राह दिखाती रहेगी। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

Bangladesh News: खालिदा के निधन पर यूनुस ने भी जताया शोक

Khaleda Zia News
Bangladesh News (Image- Social Media)

खालिदा जिया के निधन पर अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “खालिदा जिया के निधन से मैं बेहद दुखी और व्यथित हूं। उनके जाने से राष्ट्र ने एक महान अभिभावक को खो दिया है। खालिदा जिया सिर्फ किसी राजनीतिक दल की नेता नहीं थीं, बल्कि बांग्लादेश के इतिहास का एक अहम अध्याय थीं।”

प्रोफेसर यूनुस ने बताया कि बेगम खालिदा जिया के लंबे संघर्ष, उनके योगदान और जनता के बीच उनके प्रति गहरी भावनाओं को देखते हुए सरकार ने इसी महीने उन्हें राज्य की अत्यंत महत्वपूर्ण व्यक्ति का दर्जा दिया था। लोकतंत्र की स्थापना, बहुदलीय राजनीतिक संस्कृति और जनता के अधिकारों के लिए खालिदा जिया की भूमिका को देश हमेशा याद रखेगा। उनके अडिग नेतृत्व ने बार-बार देश को अलोकतांत्रिक हालात से बाहर निकाला और लोगों को स्वतंत्रता के लिए प्रेरित किया। राष्ट्र उनके योगदान को सम्मान के साथ याद करेगा।

Khaleda Zia Death: एवरकेयर अस्पताल में खालिदा जिया का निधन

Khaleda Zia News
Khaleda Zia Death (Image- Social Media)

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में खालिदा जिया का निधन हुआ। पिछले एक महीने से ज्यादा समय से इसी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनकी मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक बड़ी राजनीतिक हस्ती के तौर पर याद किया, जिन्होंने बांग्लादेश के आधुनिक राजनीतिक इतिहास में अहम भूमिका निभाई थी। पार्टी ने कहा, “हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं।”

कई बीमारियों से जूझ रही थीं खालिदा

खालिदा जिया को 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर समस्याओं के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने आखिरी हफ्तों में वह निमोनिया से भी पीड़ित थीं। वह 36 दिनों तक मेडिकल निगरानी में रहीं और उनकी हालत नाजुक बताई गई थी।

पिछले कुछ सालों में पूर्व प्रधानमंत्री कई पुरानी बीमारियों से जूझ रही थीं, जिनमें लिवर सिरोसिस, डायबिटीज, गठिया और किडनी, फेफड़े, दिल और आंखों से जुड़ी पुरानी समस्याएं शामिल थीं। उनके इलाज की देखरेख एक मल्टीडिसिप्लिनरी मेडिकल टीम कर रही थी, जिसमें बांग्लादेश के विशेषज्ञों के साथ-साथ यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका, चीन और ऑस्ट्रेलिया के डॉक्टर भी शामिल थे। इसी महीने उन्हें बेहतर मेडिकल केयर के लिए विदेश भेजने पर चर्चा हुई थी। हालांकि, डॉक्टरों की सलाह के बाद उन योजनाओं को आखिरकार टाल दिया गया, क्योंकि डॉक्टरों ने कहा कि उनकी शारीरिक हालत इंटरनेशनल यात्रा के लिए बहुत कमजोर थी।

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 80 की उम्र में ली अंतिम सांस, लंबे समय से चल रही थी बीमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।