कोलकाता ट्रिपल मर्डर केस: पुलिस मृतक महिलाओं के पतियों से कर सकती है पूछताछ

Summary :

कोलकाता हत्याकांड: मृतक महिलाओं के पतियों को हिरासत में ले सकती है पुलिस

कोलकाता में बीती 19 फरवरी को एक नाबालिग लड़की सहित परिवार के तीन सदस्यों की रहस्यमयी मौत के मामले में पुलिस के हाथ बड़ा सुराग लगा है। सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि परिवार पर बहुत अधिक कर्ज था, लेकिन आर्थिक संकट के बावजूद वे एक आलीशान जिंदगी जी रहे थे।

कोलकाता पुलिस दो मृत महिलाओं रोमी और सुदेशना डे के पतियों को हिरासत में ले सकती है। फिलहाल वे दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।

मृत महिलाओं के पति प्रसून डे और प्रणय डे पर 19 फरवरी की सुबह अपनी पत्नियों तथा उनमें से एक की बेटी की हत्या करने और फिर आत्महत्या करने का संदेह है।

हालांकि, दोनों महिलाओं के पतियों की आत्महत्या की मंशा पूरी नहीं हो सकी थी, क्योंकि जिस वाहन में वे यात्रा कर रहे थे, उसका एक्सीडेंट हो गया था। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

बता दें कि 19 फरवरी की सुबह कोलकाता पुलिस के यातायात विभाग ने ही दोनों महिलाओं और नाबालिग के शवों को कोलकाता के बाहरी इलाके में स्थित उनके आवास से बरामद किया था।

दोनों भाइयों द्वारा दो महिलाओं और नाबालिग की हत्या किए जाने का संदेह तब सामने आया, जब तीनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की संभावना को खारिज कर दिया गया।

पुलिस के सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चमड़े के सामान का व्यवसाय करने वाले डे परिवार पर भारी कर्ज था, जिसके कारण दोनों भाइयों ने ऐसा कठोर कदम उठाया होगा।

सूत्रों ने कहा कि परिवार के कुछ करीबी लोगों से जांच और पूछताछ में यह भी पता चला है कि भारी कर्ज होने के बावजूद दोनों भाइयों ने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को कम नहीं किया, जिसके कारण कर्ज और बढ़ गया।

दोनों ही पतियों पर रोमी डे और सुदेशना डे की हत्या किए जाने का संदेह है। रोमी, प्रसून डे की पत्नी थी, जबकि दूसरी महिला प्रणय डे की पत्नी थी। इसके अलावा मृतक नाबालिग प्रियंवदा डे (14 वर्षीय) प्रसून और रोमी की बेटी थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हत्या वाले दिन घर में लगे सभी सीसीटीवी भी बंद थे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.