सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने स्थानीय समाज में हलचल मचा दी है। पांच दिन से लापता दो युवतियां गुरुवार को अचानक खुद थाने पहुंचीं और अपने रिश्ते का जो खुलासा किया, उसने पुलिस और परिजनों को हैरान कर दिया।
बचपन की दोस्ती बनी प्रेम
पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां बचपन से ही सहेलियां थीं और अब एक-दूसरे से इस कदर प्रेम करने लगी हैं कि उन्होंने समाज की परंपराओं और बंदिशों को दरकिनार कर साथ रहने का फैसला कर लिया। थाने में युवतियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम एक-दूसरे से प्यार करती हैं, अगर अलग किए गए तो जान दे देंगे।” उन्होंने बताया कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से घर छोड़ा है।
परिजनों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन बेअसर
लापता होने के बाद परिजनों ने स्थानीय स्तर पर तलाश की और अंत में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जैसे ही पुलिस जांच शुरू कर रही थी, गुरुवार को दोनों युवतियां स्वयं कोतवाली पहुंच गईं। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन दोनों अपनी बात पर अडिग रहीं। उन्होंने बताया कि वे ग्रेजुएशन पूरी कर चुकी हैं और अब साथ रहकर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं।
मामला बना संवेदनशील
मामले को और संवेदनशील बना रही है यह बात कि दोनों युवतियां अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखती हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर सामाजिक तनाव की स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।
कानून के दायरे में होगी कार्रवाई
सीओ नकुड़ के अनुसार, दोनों युवतियां बालिग हैं और मामला व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है। इसलिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ, कानूनी दायरे में रहकर कार्रवाई कर रही है। फिलहाल युवतियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



