मध्य प्रदेश: बैतूल में दो युवकों ने क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर उद्योगपति को ठगा

Summary :

क्राइम ब्रांच बनकर उद्योगपति को ठगने वाले युवक फरार

मध्य प्रदेश के बैतूल में दो युवकों ने क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर उद्योगपति को ठग लिया। उन्होंने फर्जी आईडी कार्ड दिखाकर चेन और अंगूठी ले ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी जल्द होगी।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में दो युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर उद्योगपति को ठग लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शालिनी परस्ते ने बताया कि शुक्रवार को जिला उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष हाकम सिंह रघुवंशी मॉर्निंग वॉक करने के लिए पुलिस परेड मैदान पर आए थे। यहां पर उनके पास दो युवक बाइक से आए और उन्हें रोककर दोनों ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अफसर बताया। इतना ही नहीं, दोनों ने अपने फर्जी आईडी कार्ड भी दिखाए। रघुवंशी से उन्होंने कहा कि चेन स्नेचिंग की घटनाएं हो रही हैं, इसलिए आप चेन-अंगूठी उतार लें। दोनों ने यह कहते हुए चालाकी से चेन और अंगूठी अपने पास रख ली और एक कागज की पुड़िया दे दी। जब रघुवंशी ने घर जाकर देखा, तो उसमें पत्थर थे।

इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत गंज पुलिस थाने में की है। एसडीओपी परस्ते का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए हैं और दोनों आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी की जाएगी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाश एक बाइक पर जाते दिख रहे हैं।

मध्यप्रदेश के CM मोहन यादव ने की लाडली बहना योजना की 25वीं किस्त जारी

मिली जानकारी के अनुसार, उद्योगपति रघुवंशी नियमित तौर पर पुलिस परेड मैदान पर सुबह की सैर पर जाते हैं। इन दोनों युवकों ने मौका ताड़ा होगा और उसी के चलते योजना बनाई और उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताते हुए अपने आईडी कार्ड भी दिखाए थे, जिससे उद्योगपति ने विश्वास कर उनकी बात मान ली थी। इसी के चलते वे ठगी का शिकार बने। उद्योगपति हाकम सिंह रघुवंशी ने ठगी की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस एक्टिव हो गई है। घटना शुक्रवार को पुलिस परेड मैदान पर वॉक करने के दौरान हुई।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.