महाकुंभ 2025: 300 सफाई कर्मियों ने गंगा की सफाई कर रचा इतिहास

Summary :

गंगा की सफाई कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम

दुनिया में पहली बार शुक्रवार को 300 सफाई कर्मियों ने पहला रिवर क्लीनिंग रिकॉर्ड बनाया है। महाकुंभ मेले की सीईओ आकांक्षा राणा ने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। आकांक्षा राणा ने बातचीत में कहा कि यह दुनिया का पहला रिवर रिकॉर्ड है, जिसमें 300 सफाई कर्मियों द्वारा गंगा नदी की सफाई की जा रही है। इस गतिविधि के माध्यम से मेला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य देश और दुनिया को यह संदेश देना है कि नदी और जल स्रोतों को स्वच्छ रखना कितना महत्वपूर्ण है। महाकुंभ मेला प्रशासन की योजना है कि इस तरह के और भी रिकॉर्ड बनाए जाएं। अगले चरण में 15 हजार सफाई कर्मियों द्वारा सड़कों की सफाई की जाएगी। यह सफाई गतिविधि विभिन्न जगहों पर एक ही समय में आयोजित की जाएगी।

आकांक्षा राणा ने आगे कहा कि आज का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स दुनिया का पहला रिवर क्लीनिंग रिकॉर्ड है, जिसमें 300 सफाई कर्मियों ने एक साथ मिलकर गंगा की सफाई की। इसके बाद, महाकुंभ मेला प्रशासन द्वारा और भी रिकॉर्ड बनाए जाएंगे, जो इस विशाल आयोजन की स्वच्छता की दिशा में एक और कदम साबित होंगे। इस ऐतिहासिक सफाई अभियान से महाकुंभ मेला प्रशासन ने देश और दुनिया को एक जागरूकता का संदेश दिया है कि हमारे नदी-जल स्रोतों को साफ और स्वच्छ रखना चाहिए।

बता दें कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक सांस्कृतिक समागम ‘महाकुंभ 2025’ ने दुनिया को अचंभित कर रखा है। दुनियाभर के बड़े धार्मिक आयोजनों में यह अपनी विशेष पहचान बना चुका है। प्रयागराज में मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के पावन संगम में आस्था का अटूट रेला उमड़ रहा है। महाकुंभ में अब तक 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.