महाकुंभ: कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ नेता करेंगे त्रिवेणी संगम में स्नान

Summary :

कांग्रेस पार्टी सदैव सभी धर्मों का सम्मान करती है

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ महाकुंभ में त्रिवेणी संगम घाट पर स्नान करेंगे। यह जानकारी कांग्रेस की ओर से दी गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि आज प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, वरिष्ठ नेताओं के साथ महाकुंभ में त्रिवेणी संगम पर स्नान करेंगे। इसके पहले राष्ट्रीय महासचिव और प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पांडे ने भी सपरिवार स्नान किया। अन्य नेताओं ने भी स्नान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव सभी धर्मों का सम्मान करती है, धर्म का हमारे हृदय में आस्था का स्थान है, लेकिन हम कभी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करते।

भारतीय जनता पार्टी सरकार की अक्षमता से उत्पन्न हुई अव्यवस्था के कारण महाकुंभ में भगदड़ से हजारों श्रद्धालुओं की जान चली गई। योगी आदित्यनाथ की सरकार मृत श्रद्धालुओं की संख्या छुपाती रही, ऐसे लोग कभी धर्म के हितैषी नहीं हो सकते। आज भाजपा ने महाकुंभ को 144 वर्ष का झूठा इवेंट बनाकर भ्रम पैदा किया, जबकि ग्रंथों में प्रत्येक 12 वर्ष में महाकुंभ, 6 वर्ष में कुंभ का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि कारण स्पष्ट है कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश में कोई भी काम नहीं किया, वह सिर्फ धार्मिक ध्रुवीकरण के आधार पर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकने का काम कर रही है। जनता ने भाजपा को लोकसभा में उत्तर प्रदेश में हरा दिया। भाजपा इसे राजनीतिक इवेंट बनाने में लगी है। ज्ञात हो कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को लेकर खबरें हैं कि वे जल्द ही प्रयागराज के महाकुंभ मेले में जा सकते हैं और संगम स्नान कर सकते हैं। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं है। महाकुंभ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट और राजीव शुक्ला संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.