कर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी करने पर इंदौर पुलिस ने मंत्री विजय के खिलाफ दर्ज किया मामला

Summary :

कर्नल सोफिया पर टिप्पणी के बाद मंत्री पर कानूनी कार्रवाई

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद इंदौर पुलिस ने मानपुर थाने में मामला दर्ज किया। उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लेकर पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। जांच जारी है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर होगी।

मध्य प्रदेश के जनजातीय कल्याण मंत्री विजय शाह द्वारा सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर इंदौर के मानपुर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक निमीष अग्रवाल का कहना है कि प्रकरण दर्ज किए जाने के बाद जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों मंत्री विजय शाह ने पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना का पक्ष रख रहीं सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस बयान पर उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया और पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिए। इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक निमीष अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर मंत्री विजय शाह के खिलाफ मानपुर थाने में धारा-152, 196 व 1987 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी करने वाले विजय शाह को लगी सुप्रीम कोर्ट की फटकार

मोहन यादव सरकार के मंत्री विजय शाह ने पिछले दिनों एक विवादित बयान दिया था। इस बयान का उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया और तल्ख टिप्पणी की। इसमें कहा गया है कि मंत्री का यह कहना कि कर्नल कुरैशी पहलगाम हमला करने वाले आतंकियों की बहन हैं, नफरती व अलगाववादी भावना को बढ़ावा देने वाली बात है। यह देश की संप्रभुता, एकता व अखंडता के लिए खतरा है।

उच्च न्यायालय का आदेश आने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की बुधवार देर रात बैठक भी हुई। इस मामले पर कांग्रेस भी हमलावर है। जगह-जगह प्रदर्शन का दौर जारी है। अभी तक विजय शाह के मामले में पार्टी कोई फैसला नहीं कर पाई है। सियासी गलियारों में संभावना इस बात की है कि जल्दी ही पार्टी का रुख सामने आएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.