Mock Drill in Noida: मॉल, एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशन पर हाई अलर्ट, सुरक्षा तैयारियों की हुई जांच

Summary :

नोएडा में सुरक्षा मॉक ड्रिल: आपात स्थिति में तत्परता की जांच

गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नोएडा में मॉल, एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशन पर मॉक ड्रिल आयोजित की। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित आतंकी हमले और आपात स्थितियों में तत्परता और समन्वय का परीक्षण किया। मॉल में बिना सूचना के सायरन बजाकर इवैक्यूएशन प्लान लागू किया गया, जिससे सुरक्षा तैयारियों का व्यापक मूल्यांकन हुआ।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जिले में एक व्यापक मॉक ड्रिल (सुरक्षा अभ्यास) का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस, बम निरोधक दस्ते (बीडीएस), फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों ने सामूहिक रूप से मॉल, एनटीपीसी, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों सहित कई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित आतंकी हमले, बम धमाके या किसी आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, प्रतिक्रिया समय और समन्वय का परीक्षण करना था। गौड़ सिटी मॉल, जो बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित है, को इस अभ्यास का केंद्र बनाया गया। मॉल में मौजूद आम लोगों को पहले से सूचना दिए बिना अचानक सायरन बजाया गया, जिससे मौके पर मौजूद सभी लोग सतर्क हो गए। जैसे ही सायरन बजा, मॉल की सभी लाइट्स बंद कर दी गईं और मॉल स्टाफ ने पुलिस के सहयोग से “इवैक्यूएशन प्लान” लागू कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

वहीं, बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने मॉल के अंदर की तलाशी ली। सुरक्षा बलों ने मॉल के अलग-अलग हिस्सों में संभावित धमाके की स्थिति को देखते हुए प्रतिक्रिया अभ्यास किया। मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। इस दौरान नोएडा मेट्रो स्टेशन, नोएडा एयरपोर्ट और एनटीपीसी परिसर में भी इसी प्रकार की मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिससे इन संवेदनशील स्थानों पर आपात स्थिति में कैसे कार्य किया जाए, इसका रिहर्सल किया जा सके।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि यह मॉक ड्रिल पूर्व नियोजित थी और इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की ड्रिल समय-समय पर होती रहेंगी, ताकि सुरक्षा एजेंसियां हर परिस्थिति में तैयार रहें।

अक्षय से कंगना तक, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से एक्टर्स का ‘जोश हाई’, बोले- ‘पीएम मोदी ने उन्हें बता दिया’

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.