एग्जिट पोल परिणाम को मोदी सरकार दोबारा लौटने की झांकी बताते हुए बीजेपी ने सोमवार को जोर दिया कि जनता ने जातपात सहित संकीर्ण बंधनों को तोड़ते हुए नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिर से सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त किया है और अब कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों को अपनी नकारात्मकता पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने संवाददाताओं से कहा कि इस बार का एग्जिट पोल तो सिर्फ झांकी है, 23 तारीख को असली तस्वीर आएगी और बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिलेगा एवं राजग दो तिहाई बहुमत प्राप्त करेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पन्ना प्रमुखों की रिपोर्ट के आधार पर हम कह सकते हैं कि बीजेपी को 300 से अधिक सीटें प्राप्त होंगी।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इस बार जातीय गठबंधन बनाने और राष्ट्रहित को दरकिनार करने के प्रयास को जनता परास्त करने जा रही है। इस चुनाव में जातपात पर राष्ट्रवाद हावी रहा, इसलिये सारे संकीर्ण बंधन टूटे हैं और जनता ने मोदी जी को फिर आशीर्वाद देने का काम किया है। यह जातीय गठबंधन का अंतिम चुनाव होगा।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी सहित विपक्षी दलों के नेता पहले ही हार मान चुके हैं और उन्होंने आरोप प्रत्यारोप शुरू कर दिये हैं। कुछ ईवीएम पर निशाना साध रहे हैं तो कुछ चुनाव आयोग में कमियां निकाल रहे हैं। हुसैन ने कहा कि ऐसे में इस चुनाव में कांग्रेस को यह विचार करना होगा कि ‘‘गाली-गलौच की राजनीति’’ से उन्हें कितना नुकसान हुआ।
कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं का दावा- एग्जिट पोल से बिल्कुल अलग होंगे असल नतीजे
एग्जिट पोल को ‘गपशप’ बताने के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान के बारे में पूछे जाने पर बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि मां, माटी और मानुष का उनका नारा अब गोली, बारूद और बम में बदल गया है। इस बारे में उन्हें आत्मावलोकन करना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस पर राज्य में कुछ समय पहले हुए पंचायत चुनाव में हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जोर दिया कि यह कोई पंचायत चुनाव नहीं है जहां हेराफेरी की जा सके, यह देश का चुनाव है। लोगों ने राज्य में बीजेपी को आशीर्वाद दिया है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2019 के लिए रविवार शाम को जारी ज्यादातर एग्जिट पोल के मुताबिक एक बार फिर बीजेपी नीत राजग बहुमत से केन्द्र में सरकार बनाता दिख रहा है। लगभग सभी एग्जिट पोल में बीजेपी नीत गठबंधन को 272 के जादुई आंकड़े को पार करता दिखाया गया है।


Download Android App
Download iOS App




