Noida: कासना थाना क्षेत्र में रविवार को एक बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई जबकि सड़क हादसे की एक अन्य घटना में एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। कासना के थाना प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि इब्राहिम नामक व्यक्ति ने रविवार रात को थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। इब्राहिम ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार समीर (24) रविवार शाम करीब पांच बजे अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था तभी भाटी गोल चक्कर के पास एक अज्ञात बस ने उसे टक्कर मार दी।
Highlights:
- रविवार को एक बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई
- सड़क हादसे की एक अन्य घटना में एक युवक घायल हो गया
- व्यक्ति ने रविवार रात को थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई
- भाटी गोल चक्कर के पास एक अज्ञात बस ने मारी टक्कर
आरोपी अस्पताल में भर्ती
उन्होंने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल समीर को उपचार के लिए राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (JIMS) अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी बस चालक फरार है, उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, रबूपुरा थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 जनवरी को हुए अन्य सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाने में हुई रिपोर्ट दर्ज
रबूपुरा के थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यशवीर सिंह ने रविवार रात को इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भाई रितेश कुमार सेक्टर 142 स्थित पिज्जा आउटलेट में नौकरी करता था और 25 जनवरी को नौकरी के बाद जब वह बाइक से घर जा रहा था तभी रुस्तमपुर गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि यशवीर सिंह के अनुसार इस घटना में उसके भाई को गंभीर चोट आई। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





