48 घंटे के अंदर पाकिस्तान के पास हमला करने की क्षमता नहीं बचेगी : Awadhesh Prasad

Summary :

ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान: सपा सांसद का दावा

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद का दावा है कि भारतीय सेना की मुंहतोड़ कार्रवाई से अगले 48 घंटे में पाकिस्तान के पास हमला करने की क्षमता नहीं रहेगी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। सेना की बहादुरी से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा है कि भारतीय सेना पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने दावा किया कि अगले 48 घंटे के भीतर पाकिस्तान के पास हमला करने की क्षमता नहीं बचेगी।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान को जवाब देने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया हुआ है। इसके तहत पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसके बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में गुरुवार रात भारत की उत्तरी और पश्चिमी सीमा क्षेत्रों पर कई मिसाइल और ड्रोन से हमला किया, जिसको भारत ने हवा में ही नाकाम कर दिया और सख्त जवाबी कार्रवाई भी की।

शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान सपा सांसद ने कहा कि हमारी सेना का इतिहास बहादुरी और गौरव से भरा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाया पाकिस्तान देश की सीमा पर जवाबी हमला कर रहा है। लेकिन, हमारी वीर सेना के जवान पाकिस्तान के हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं। मैं अपने बहादुर जवानों का स्वागत करता हूं। जिन्होंने अपना गौरवशाली इतिहास दोहराया है। दुनिया के लोग हमारी देश की सेना का लोहा मानते हैं।

सपा सांसद ने 1965 के युद्ध के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि जब भारत पर अटैक हुआ तब में डीएवी कॉलेज में एमए का छात्र था। कॉलेज के हॉस्टल में रहता था। मैंने उस दौरान एक वक्त का खाना सेना के लिए समर्पण कर दिया था। हमारे साथ पढ़ने वाली हमारी बहनों ने अपने जेवरात भी दे दिए थे।

सपा सांसद ने कहा कि इस तरह की कहानी बताती है कि जब भी हमारे देश पर संकट आया, पूरे देश ने एकजुटता दिखाई। हमारे नेता अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद साफ कर दिया था कि केंद्र सरकार आतंकवाद के खिलाफ जो भी फैसला लेगी हम उनके साथ मजबूती के साथ खड़े रहेंगे। मुझे उम्मीद है कि पाकिस्तान की हमारी सेना ऐसी हालत कर देगी वह हमला करने की क्षमता में नहीं रहेंगे।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सपा सांसद ने कहा कि निश्चित तौर से पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों का ठिकाना था। भारतीय सेना ने हमेशा के लिए उनके ठिकानों को तबाह कर दिया है। हमारी सेना लगातार आतंकवाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई कर रही है।

World Bank ने दिया Pakistan को झटका, कहा – हम केवल मध्यस्ता कर सकते हैं

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.