पुलिस एस्कार्ट नहीं मिलने से नाराज हुए PM मोदी के भाई, थाने के बाहर धरने पर बैठे

Summary :

अधिकारी ने कहा कि मोदी के भाई बाद में बात को समझ गए और नियमों के तहत उन्हें दो पीएसओ उपलब्ध करवाए गए। बगरू पुलिस के अनुसार यह घटनाक्रम लगभग एक घंटे तक चला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रहलाद मोदी मंगलवार को पुलिस द्वारा एस्कार्ट मुहैया नहीं कराए जाने से नाराज होकर जयपुर के बगरू थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि लगभग एक घंटे बाद वह अपनी यात्रा पर आगे रवाना हो गए। मोदी मंगलवार रात जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बगरू पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठे।

उनका कहना था कि पुलिस उन्हें एस्कार्ट नहीं दे रही। जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने बताया, “मोदी सड़क मार्ग से जयपुर आ रहे थे। वे एस्कार्ट की मांग कर रहे थे जिसके लिए वह पात्र नहीं हैं। हमारे पास उनको दो पीएसओ उपलब्ध कराने के आदेश थे जो पहले से ही बगरू थाने में मौजूद थे ताकि उनके साथ आगे जा सकें। लेकिन मोदी उन्हें अपने वाहन में ले जाने को तैयार नहीं थे और अलग पुलिस वाहन की मांग कर रहे थे।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रह्लाद मोदी की पत्नी का निधन

श्रीवास्तव ने कहा, “हमने उन्हें दो पीएसओ देने संबंधी आदेश भी दिखाया। पीएसओ उनके साथ उनके वाहन में ही जा सकते थे लेकिन मोदी इसके लिए तैयार नहीं थे।” अधिकारी ने कहा कि मोदी के भाई प्रहलाद हालांकि बाद में बात को समझ गए और नियमों के तहत उन्हें दो पीएसओ उपलब्ध करवाए गए। बगरू पुलिस के अनुसार यह घटनाक्रम लगभग एक घंटे तक चला।

Desk Team