वाशिंगटन में PM नरेंद्र मोदी और तुलसी गबार्ड की मुलाकात, विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

Summary :

अमेरिका यात्रा के दौरान पीएम मोदी और गब्बार्ड की पहली बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाशिंगटन, डीसी में यूएस डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (डीएनआई) तुलसी गबार्ड के साथ बैठक की। पीएम मोदी और गबार्ड ने भारत-अमेरिका मित्रता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पीएम मोदी और गबार्ड ने हाथ मिलाया और एक-दूसरे का गर्मजोशी से अभिवादन किया। उन्होंने गबार्ड को उनकी पुष्टि पर बधाई दी। यह मुलाकात व्हाइट हाउस में शपथ ग्रहण समारोह में गबार्ड द्वारा यूएस डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस के रूप में शपथ लेने के कुछ ही घंटों बाद हुई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और अन्य अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार संभालने के बाद पीएम मोदी की यह पहली अमेरिका यात्रा है। अमेरिका पहुंचने के बाद पीएम मोदी ब्लेयर हाउस पहुंचे और वहां उनका स्वागत करने के लिए एकत्र हुए भारतीय प्रवासियों का अभिवादन किया। ब्लेयर हाउस में उनका स्वागत करते हुए लोगों ने “भारत माता की जय” और “मोदी मोदी” के नारे लगाए। पीएम मोदी ने उनका स्वागत करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

 पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया कि सर्दी के मौसम में गर्मजोशी से स्वागत। ठंड के मौसम के बावजूद, वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों ने मेरा बहुत ही खास तरीके से स्वागत किया है। मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। अमेरिका पहुंचने पर पीएम मोदी ने कहा कि वह ट्रंप से मिलने और भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी अपनी यात्रा के दौरान ट्रंप, अमेरिकी कैबिनेट के सदस्यों और उद्योग जगत के नेताओं से मिलेंगे।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।