दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर, DUSU की अध्यक्ष से दिल्ली की CM तक

Summary :

1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनीं

शालीमार बाग सीट से निर्वाचित विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य रह चुकी हैं। इन भूमिकाओं में उन्होंने समुदायों और महिलाओं के कल्याण के लिए कई अभियान चलाए। बता दें कि रेखा गुप्ता ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की।

DUSU की अध्यक्ष

दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद वे 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष बनीं और छात्रों के मुद्दों को सक्रिय रूप से उठाया। 2007 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद के रूप में, उन्होंने क्षेत्र में पुस्तकालयों और पार्क की बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम किया। उन्होंने एलएलबी की डिग्री भी हासिल की है और एक गैर सरकारी संगठन एएएस की संस्थापक हैं। उन्होंने 2023 में मेयर का चुनाव लड़ा था और आप की शेली ओबेरॉय से मेयर का चुनाव हार गईं।

भाजपा में वरिष्ठ नेता

पहली बार विधायक बनीं 50 वर्षीय रेखा गुप्ता को दिल्ली भाजपा में वरिष्ठ नेताओं के मुकाबले इसलिए तरजीह दी गई क्योंकि पार्टी चाहती थी कि यह पद किसी महिला नेता को मिले। दिल्ली भाजपा में कुछ अन्य नेताओं की तुलना में वह कम प्रोफ़ाइल रखने के लिए जानी जाती हैं। संभावित विकल्प के बारे में कई दिनों तक चली अटकलों के बाद दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में उनके नाम की घोषणा की गई।

जनता के प्रति आभार व्यक्त

भाजपा महिला सशक्तीकरण पर जोर दे रही है, ऐसे में रेखा गुप्ता की पदोन्नति से पार्टी को महिलाओं के बीच अपनी साख मजबूत करने में मदद मिलेगी। वह भाजपा के मौजूदा मुख्यमंत्रियों में एकमात्र महिला होंगी। भाजपा विधायक दल की नेता के रूप में चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी नेतृत्व और दिल्ली की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वह अपने जीवन का हर पल इस जिम्मेदारी को पूरा करने में लगाएंगी।

दिल्ली की महिल CM बनी

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने कहा कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी है। मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं पीएम मोदी और बीजेपी आलाकमान का शुक्रिया अदा करती हूं। मैं अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाऊंगी। मेरी पहली प्राथमिकता हमारी पार्टी द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा करना है और दूसरी प्राथमिकता यह है कि हमारे सभी 48 विधायक मोदी की टीम के रूप में काम करेंगे। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दिल्ली की सीएम बनूंगी। बुधवार को नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में रेखा गुप्ता को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया और आज भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने समारोह में रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद को पद की शपथ दिलाई।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।