Pope Francis को आज मिलेगी अस्पताल से छुट्टी, दो महीने आराम की सलाह

Summary :

पोप फ्रांसिस को अस्पताल से छुट्टी, दो महीने आराम की सलाह

पोप फ्रांसिस को रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। वो अस्पताल में डबल निमोनिया का इलाज कराने के लिए पिछले एक महीने से भी अधिक समय से भर्ती थे। यह जानकारी पोप की सेवा में लगी टीम के प्रमुख सर्जियो अल्फिएरी ने दी।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि रविवार को वह घर लौटेंगे।”

अल्फिएरी ने शनिवार को गेमेली अस्पताल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों से कहा, “फादर को रविवार को छुट्टी मिल जाएगी। उन्हें कुछ दवाइयां लेनी होंगी। इसके अलावा, उन्हें स्वास्थ्य लाभ के लिए दो महीने तक आराम दिया जाएगा।”

पोप फ्रांसिस 14 फरवरी से अस्पताल में हैं।

वेटिकन के प्रवक्ता माटेओ ब्रूनी के अनुसार, पोप रविवार को अस्पताल की बालकनी से वो श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद, वह कासा सांता मार्टा वापस लौट जाएंगे, जो 2013 के सम्मेलन के बाद से उनका घर बन गया है।

वेटिकन प्रेस कार्यालय ने शनिवार को बताया कि 88 वर्षीय पोप रविवार को एंजेलस प्रार्थना के बाद अपने शुभचिंतकों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देंगे।

पोप फ्रांसिस आमतौर पर हर हफ्ते प्रार्थना का नेतृत्व करते हैं, लेकिन पिछले पांच रविवार से उन्होंने ऐसा नहीं किया है।

सीएनएन के अनुसार, पोप के रूप में चुने जाने के बाद अस्पताल में ये उनका सबसे लंबा प्रवास रहा है। कई हफ्तों तक न देखे जाने के बाद, वेटिकन ने पोप का एक छोटा ऑडियो संदेश जारी किया और पिछले सप्ताह एक तस्वीर भी जारी की, जिसमें वे अस्पताल के चैपल में प्रार्थना करते हुए दिखाई दे रहे थे।

सीएनएन के अनुसार, पोप को डिस्चार्ज किए जाने की खबर उस समय आई, जब इस सप्ताह वेटिकन ने कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उनकी सेहत पहले से बेहतर है।

पिछले सप्ताह, पोप ने कैथोलिक चर्च के लिए नई तीन साल की सुधार प्रक्रिया को मंजूरी दी थी, जिससे यह साफ संकेत मिला कि अस्पताल में लंबे समय तक रहने के बावजूद वे अपने पद पर बने रहना चाहते हैं।

प्रस्तावित सुधारों में कैथोलिक चर्च में महिलाओं को अधिक जिम्मेदारियां देने और निर्णय लेने में गैर-पादरी सदस्यों को ज्यादा से ज्यादा शामिल करने की बात की गई है।

बायलेटरल Pneumonia से जूझ रहे हैं Pope Francis, आखिर क्या है यह बीमारी

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.