राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के आवास पर इस साल की शुरुआत में एक सुरक्षा चूक होने को लेकर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के तीन कमांडो को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि सीआईएसएफ की ‘वीआईपी’ सुरक्षा इकाई के दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
16 फरवरी को हुई थी सुरक्षा चूक
डोभाल को केंद्रीय अति विशिष्ट व्यक्ति (वीआईपी) सुरक्षा सूची के तहत ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। उन्हें सीआईएसएफ की विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) इकाई द्वारा सुरक्षा कवर मुहैया कराया गया है। सुरक्षा चूक की यह घटना 16 फरवरी को हुई थी। सीआईएसएफ द्वारा की गई जांच में विभिन्न आरोपों में पांच अधिकारियों को दोषी पाए जाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश किये जाने के बाद यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने व्यक्ति को पकड़ा
अधिकारियों ने बताया कि एसएसजी के तीन कमांडो को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया, जबकि इस सुरक्षा इकाई का नेतृत्व कर रहे उप महानिरीक्षक (डीआईजी) और उनके पद के ठीक नीचे के कमांडेंट रैंक के एक वरिष्ठ अधिकारीका तबादला कर दिया गया है। जिन तीन कमांडो को बर्खास्त किया गया है वे सुरक्षा प्रदान करने के लिए उस दिन एनएसए के आवास पर मौजूद थे। गौरतलब है कि सुरक्षा में सेंध लगाने वाले व्यक्ति को एनएसए के आवास के बाहर पकड़ लिया गया और उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



