राहुल का मोदी पर निशाना, बोले-आम खाना सिखाया, अब बताएं कि 5 साल में क्या किया - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

राहुल का मोदी पर निशाना, बोले-आम खाना सिखाया, अब बताएं कि 5 साल में क्या किया

इस दौरान राहुल ने चौकीदार संबंधित विवादित नारे भी लगवाए और दावा किया कि वे इसी माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मूड पता करते हैं। 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ताबड़तोड़ हमले करते हुए कटाक्ष किया कि प्रधानमंत्री ने देश को आम खाना सिखा दिया है, अब वे ये बताएं कि उन्होंने पिछले पांच साल में देश के विभिन्न वर्गों के लिए क्या किया। राहुल गांधी मध्यप्रदेश के नीमच में मंदसौर संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को बता दिया कि वे आम कैसे खाते हैं, कैसे छीलते हैं। कुर्ते की स्लीव काट कर रखते हैं, ताकि सूटकेस में जगह बने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को ये सब बता दिया, अब वे ये बताएं कि उन्होंने पिछले पांच साल में बेरोजगारों के लिए क्या किया।

उन्होंने मोदी सरकार पर देश की जनता से अन्याय करने का आरोप लगाया और कहा कि इस अन्याय को ठीक करने के लिए कांग्रेस ने न्याय योजना बनाई है। पांच साल में नोटबंदी, जीएसटी सहित अनेक निर्णयों से देश की जनता के साथ अन्याय हुआ है, इस अन्याय को ठीक करने के लिए कांग्रेस ने न्याय योजना बनाई है। अपने करीब आधे घंटे के संबोधन की शुरुआत में उन्होंने लोगों से पूछा कि उनका मूड कैसा है।

इस दौरान उन्होंने चौकीदार संबंधित विवादित नारे भी लगवाए और दावा किया कि वे इसी माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मूड पता करते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के उस कथित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बालाकोट हमले के समय ये बात आई थी कि मौसम खराब होने की वजह से राडार हवाईजहाज को नहीं देख पाएगा।

इस दौरान उन्होंने कटाक्ष किया कि मौसम खराब होता है तो क्या सभी हवाईजहाज आसमान से गायब हो जाते हैं। आज की सभा में भी उन्होंने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाने पर लेते हुए मंच पर से उनके उन परिजनों का नाम लिया, जिनके कांग्रेस सरकार में कथित तौर पर कर्जमाफ हुए हैं।

बलिया में बोले मोदी-मैं वोट जाति के नाम पर नहीं बल्कि देश के नाम पर मांग रहा हूं

उन्होंने पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार के कार्यकाल में मंदसौर में हुए गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी किसानों के दुखदर्द में उनके साथ खड़े नहीं हुए। उन्होंने कहा कि नीमच में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का केंद्र है, लेकिन पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री ने यहां आकर जवानों के दिल की बात नहीं सुनी।

उन्होंने कहा कि अर्धसैनिक बलों के सभी जवानों को कांग्रेस सरकार बनने के बाद शहीद का दर्जा मिलेगा। मंदसौर में 19 मई को मतदान है। यहां कांग्रेस की नटराजन का मुकाबला मौजूदा सांसद और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी सुधीर गुप्ता से है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen − 8 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।