राफेल पर फैसले के बाद ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी में सुप्रीम कोर्ट का गलत हवाला देने के सिलसिले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट से बुधवार को बिना किसी शर्त माफी मांगी। राफेल मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधने के लिए गांधी ने कहा था कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी कह दिया ‘चौकीदार चोर है।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने तीन पन्ने के ताजा हलफनामे में कहा कि वह कोर्ट का बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी की ओर से दायर अवमानना के आपराधिक मामले को बंद करने का भी अनुरोध किया। गांधी ने अपने हलफनामे में कहा है, राहुल गांधी गलत तरीके से सुप्रीम कोर्ट का हवाला देने को लेकर बिना शर्त माफी मांगते हैं।
राहुल गांधी ने अपने माफीनामे में कहा है कि कोर्ट का अपमान करने की उनकी कोई मंशा नहीं थी। ना ही उन्होंने जानबूझ कर ऐसा किया। ना ही कोर्ट की न्यायिक प्रक्रिया में वो किसी तरह की बाधा पहुंचाना चाहते थे। भूलवश उनसे ये गलती हो गई। लिहाजा इसके लिए वो क्षमा चाहते हैं। उनके बिना शर्त माफीनामा को कोर्ट स्वीकार करते हुए उन्हें इस भूल के लिए क्षमा किया करे। साथ ही कहा है कि सुप्रीम कोर्ट इस माफीनामे को स्वीकार कर केस को बंद करे।


Download Android App
Download iOS App




