सोशल मीडिया पर जुबानी जंग के बाद, आज शिक्षा नगरी रुड़की में तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब हरिद्वार जिले के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने समर्थकों के साथ हमला कर दिया। घटना के समय उमेश कुमार कार्यालय में मौजूद नहीं थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रणव सिंह को हिरासत में ले लिया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो तेजी से फैल रहा है हो रहा है। इस वीडियो में भाजपा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन अपने समर्थकों के साथ उमेश कुमार के कार्यालय पर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रणव सिंह गालियां देते हुए वर्तमान विधायक उमेश कुमार को बाहर निकलने की धमकी भी देते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो देखिए और इस आदमी की दबंगई और दुस्साहस का अंदाज़ा लगाइए। ये कोई और नहीं बल्कि उत्तराखंड के खानपुर का पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन है, जो मौजूदा विधायक उमेश कुमार के आवास पर दिन दहाड़े ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर रहा है। pic.twitter.com/AmrWZQYxWc
— SANJAY TRIPATHI (@sanjayjourno) January 26, 2025
हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण
इस हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उमेश कुमार के हजारों समर्थक उनके कार्यालय पर एकत्रित हो गए, जिसके चलते इलाके में भारी तनाव फैल गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया।
इलाके में भय और चिंता का माहौल
इसके बाद एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें वर्तमान विधायक उमेश कुमार हाथ में असलहा लिए चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके आसपास भारी भीड़ और पुलिस बल की मौजूदगी देखी जा सकती है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विधायक को काबू में कर आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पूरी घटना ने इलाके में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद गुस्साए खानपुर विधायक हाथ में पिस्टल लेकर दौड़े
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद गुस्साए खानपुर विधायक उमेश कुमार हाथ में पिस्टल लेकर दौड़ पड़े, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस और अन्य लोगों ने उन्हें बड़ी मुश्किल से रोका।
रुड़की- घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद भयंकर गुस्साए विधायक उमेश कुमार. हाथ में पिस्टल लेकर उमेश कुमार पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन को मारने दौड़ पड़े. जैसे तैसे पुलिस प्रशासन ने रोका. ग़ज़ब फिल्मी कहानी चल रही है. pic.twitter.com/OJ0u84AmUw
— Priya singh (@priyarajputlive) January 26, 2025
पुलिस ने पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन हिरासत में
हालांकि इसके बाद पुलिस ने पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन को हिरासत में ले लिया। इसके बाद जब वह पुलिस की गाड़ी में बैठ कर जा रहे थे तो मीडिया कर्मियों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है। वह इसके खिलाफ लड़ेंगे।
घटना के बाद विधायक उमेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई का वादा किया है, और अगर कार्रवाई नहीं होती तो वह अपने समर्थकों के साथ आगे की रणनीति तय करेंगे। कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पूर्व में खानपुर से विधायक रह चुके हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी।
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने घटना का लिया संज्ञान, तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने घटना का संज्ञान लिया और एसएसपी को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच पुराना विवाद है। बीते विधानसभा चुनाव में भी उमेश कुमार ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर प्रणव सिंह चैंपियन को हराकर चुनाव जीता था। अब इस फायरिंग के बाद दोनों नेताओं के बीच विवाद और भी गहरा गया है।


Download Android App
Download iOS App



