संबलपुर में छात्रा पर हमला, आरोपी राकेश दास गिरफ्तार

Summary :

मेटाकनी मंदिर के पास छात्रा पर हमला, आरोपी हिरासत में

ओडिशा के संबलपुर विश्वविद्यालय में एक छात्रा पर हुए हमले के मामले में एसपी मुकेश कुमार भामू ने गुरुवार को अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हमले के 12 घंटे के भीतर ही आरोपी राकेश दास को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया है।

एसपी मुकेश कुमार भामू ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को घटना की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि यह हमला मेटाकनी मंदिर के पास हुआ, जहां छात्रा और आरोपी के बीच बातचीत चल रही थी। अचानक छात्रा का फोन आया, जिस पर राकेश ने छात्रा से उस कॉलर के बारे में सवाल किया और उसे कॉल काटने के लिए कहा। छात्रा के मना करने पर आरोपी राकेश गुस्से में आ गया और उसने एक पत्थर उठाकर छात्रा के सिर पर हमला कर दिया।

एसपी ने बताया कि हमला करने के बाद वह मौके से फरार हो गया। आरोपी ने मौके से भागने से पहले छात्रा का मोबाइल भी तोड़ दिया। हमारी जांच में यह सामने आया कि छात्रा और आरोपी के बीच पिछले दो महीने से संपर्क था और दोनों पहले भी दो बार मिल चुके थे। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कई छापेमारी की मदद से आरोपी का पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

एसपी मुकेश कुमार भामू ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस की तत्परता को लेकर कार्रवाई की गई है और आरोपी को कानून के तहत सजा दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाया जाएगा।

–आईएएनएस

पीएसके/एकेजे

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.