सुधींद्र भदौरिया ने कांग्रेस पर साधा निशाना, मायावती के प्रति रवैये को बताया अपमानजनक

Summary :

राहुल गांधी के बयान पर भदौरिया का तीखा हमला

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधींद्र भदौरिया ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने हाल ही में मायावती की तारीफ करते हुए कहा था कि यदि मायावती हमारे साथ होतीं, तो बात कुछ और होती। इस बयान पर भदौरिया ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेता दोहरे मापदंडों से काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य दलों में भी ऐसे लोग हैं जो बहुजन समाज पार्टी को कमजोर करने के लिए इस प्रकार के भ्रामक बयान देते हैं।

भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस के लोग हमेशा दोहरी बात करते हैं। मायावती जी के साथ यही रवैया इन दलों का रहा है। इन्हीं नेताओं ने बाबा साहेब अंबेडकर के साथ भी यही व्यवहार किया था। जब ‘इंडी गठबंधन’ का गठन हुआ और मुंबई में बैठक आयोजित की गई, तो जब पूछा गया कि क्या मायावती को बुलाया गया है, तो जवाब आया कि उन्हें क्यों बुलाया जाएगा। इसके बाद जब ‘इंडी अलायंस’ की दूसरी बैठक हुई थी, तब भी मायावती के शामिल होने को लेकर खड़गे से सवाल किया गया, तो उनका जवाब था कि मायावती को नहीं बुलाया गया। ये घटनाएं रिकॉर्ड में हैं।

उदित राज के बयान पर भी भदौरिया ने तीखी टिप्पणी की। कांग्रेस नेता ने कहा था कि मायावती का गला घोंटने का समय आ गया है। उनके इस बयान पर भदौरिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह कैसी मानसिकता है? क्या ये दलित, पिछड़े और वंचित समाज की सबसे बड़ी आवाज, मायावती का अपमान नहीं कर रहे हैं? क्या वे हिंसा को बढ़ावा नहीं देना चाहते? इन दलों का यह पुराना रवैया रहा है।

उन्होंने कहा कि जब इनकी सरकार थी, तब उन्होंने कभी बाबा साहेब अंबेडकर को सम्मान नहीं दिया। यह कांग्रेस और अन्य दलों की हमेशा की नीति रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.