तेहरान में मचेगी तबाही!, इजरायल ने जारी की चेतावनी, लोगों से क्षेत्र खाली करने की अपील

Summary :

यह चेतावनी संभावित इजरायली हवाई हमलों से पहले दी गई है

इजरायल ने तेहरान के एक प्रमुख नगरपालिका क्षेत्र डिस्ट्रिक्ट सी के निवासियों को तुरंत क्षेत्र खाली करने की चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में आपकी उपस्थिति आपके जीवन के लिए खतरा बन सकती है। आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि आप तुरंत इस क्षेत्र को खाली करें।

इजरायल ने सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान के एक प्रमुख नगरपालिका क्षेत्र डिस्ट्रिक्ट सी के निवासियों को तुरंत क्षेत्र खाली करने की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी संभावित इजरायली हवाई हमलों से पहले दी गई है। इजरायली सेना के प्रवक्ता एविचाय अद्रई ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि अगले कुछ घंटों में इजरायली सेना इस क्षेत्र में कार्रवाई करेगी, जैसे कि बीते कुछ दिनों में तेहरान के अन्य हिस्सों में सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में आपकी उपस्थिति आपके जीवन के लिए खतरा बन सकती है। आपकी सुरक्षा के लिए हम आपसे अपील करते हैं कि आप तुरंत इस क्षेत्र को खाली करें। डिस्ट्रिक्ट सी, जो तेहरान के उत्तर-पूर्वी भाग में स्थित है, वहां कई प्रमुख सरकारी संस्थान, अर्ध-सरकारी कार्यालय, संचार और खुफिया सुविधाएं स्थित हैं।

इजरायली सैन्य सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह से ही इजरायली युद्धक विमानों ने पश्चिमी ईरान से तेहरान की ओर बढ़ रहे हथियारों और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल लांचरों से लैस ट्रकों को निशाना बनाया है। इसी बीच, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने देश के दक्षिण में स्थित तेल नोफ एयरबेस का दौरा किया। वहां नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायली वायुसेना अब तेहरान के ऊपर का आकाश नियंत्रित कर रही है।

उन्होंने कहा, “हम दो मुख्य लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में बढ़ रहे हैं, परमाणु खतरे और मिसाइल खतरे का सफाया। वहीं, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बाघाई ने सोमवार को साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इजरायली कार्रवाइयों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इजरायल पश्चिम एशिया क्षेत्र में युद्ध का दायरा फैलाने की कोशिश कर रहा है।

इजरायली पीएम का बड़ा आरोप: ट्रंप को मारना चाहता है ईरान

बाघाई ने आरोप लगाया कि इजरायल ने तेहरान में आवासीय इमारतों और एक बाल अस्पताल को भी निशाना बनाया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और उसके सैन्य उपयोग का कोई प्रमाण नहीं है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.