आतंकवाद खत्म करने के लिए POK वापस लेना जरूरी: सपा नेता रामगोपाल यादव

Summary :

POK में आतंकवाद के स्रोत नष्ट करना जरूरी: सपा नेता

समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि पीओके को वापस लिए बिना आतंकवाद का खात्मा असंभव है। उन्होंने केंद्र सरकार से निर्णायक कदम उठाने की मांग की और कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां भारत के लिए अनुकूल हैं। यादव ने कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पीओके से आतंकवाद को संचालित कर रही है और हमें उनके ठिकानों पर हमला करना चाहिए।

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने आतंकवाद के मुद्दे पर केंद्र सरकार से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर निर्णायक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीओके भारत का अभिन्न अंग है और जब तक इसे वापस नहीं लिया जाता, भारत में आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करना असंभव है। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां भारत के लिए अनुकूल हैं और देश को इस अवसर का लाभ उठाकर पीओके में आतंकवाद के स्रोतों को नष्ट करना चाहिए। रामगोपाल यादव ने कहा, “पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पीओके से आतंकवाद को संचालित कर रही है। वहां से आतंकवादी भारत में भेजे जाते हैं। जब तक हम पीओके को वापस नहीं लेते, आतंकवाद का खात्मा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने कई बार कहा है कि हम घर में घुसकर मारेंगे। अब समय आ गया है कि इस बात को अमल में लाया जाए। पूरा देश यही चाहता है।”

पाकिस्तान को पानी की बूंद के लिए भी तरसना पड़ेगा: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

रामगोपाल यादव ने कश्मीर के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा, ”1947 में पाकिस्तान ने कश्मीर पर कब्जा करने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें पीछे धकेला। हालांकि, मामला संयुक्त राष्ट्र में पहुंचा और युद्धविराम लागू हो गया। उन्होंने पीओके को नासूर करार देते हुए कहा कि यह भारत को लगातार परेशान कर रहा है। आतंकवादी वहीं से आते हैं। हमें अब और इंतजार नहीं करना चाहिए। जल्दबाजी में आतंकवादियों को पकड़ने का दिखावा करने के बजाय हमें सीधे उनके ठिकानों पर हमला करना चाहिए।

रामगोपाल यादव ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के एक ट्वीट का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “जब सारा देश एकजुट है और कश्मीर के लिए खड़ा है, तो विघटनकारी बातें करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। ऐसी मानसिकता देश के लिए हानिकारक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि देश के सामने जब बाहरी दुश्मन खड़ा हो, तो आपसी तनाव देश को कमजोर करता है। हिंदू-मुसलमान के बीच तनाव पैदा करना देशहित में नहीं है। हमें एकजुट होकर दुश्मन का सामना करना चाहिए।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.