यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू, CM योगी आदित्यनाथ ने दी शुभकामनाएं

Summary :

प्रयागराज में 24 फरवरी की परीक्षा स्थगित, अब 9 मार्च को होगी

यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। प्रदेश भर में 8,140 केंद्रों पर 54 लाख 37 हजार 233 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को मुख्यमंत्री योगी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने बधाई दी है। राजधानी के बाल निकुंज इंटर कॉलेज में परीक्षा में शामिल होने से पहले परीक्षार्थियों की आरती उतारकर पुष्प वर्षा की गई। यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के 27,32,216 और इंटरमीडिएट के 27,05,017 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस बार प्रदेश में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 576 राजकीय, 3446 अशासकीय सहायता प्राप्त, 4118 स्ववित्तपोषित हैं।

17 जिलों के संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी की जा रही है। एसटीएफ, एलआईयू आदि एजेंसियां परीक्षा को देखते हुए सक्रिय हैं। एसटीएफ और एलआईयू की तैनाती परीक्षा की अवधि तक बनी रहेगी। प्रयागराज में 24 फरवरी को प्रस्तावित यूपी बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। अब यह नौ मार्च को आयोजित होगी।

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने बताया कि प्रयागराज में 26 फरवरी के महाशिवरात्रि स्नान के कारण श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ एवं यातायात प्रबंधन की दृष्टि से 24 फरवरी को होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। 24 फरवरी को होने वाली परीक्षाएं नौ मार्च रविवार को पुनः आयोजित की जाएंगी। यह संशोधन केवल प्रयागराज जनपद के लिए लागू होगा, जबकि अन्य जनपदों में परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगी।

प्रयाग में 24 फरवरी को जो हाईस्कूल में पहली पाली में हिंदी, प्रारंभिक हिंदी एवं दूसरी पाली में प्रस्तावित हेल्थ केयर की परीक्षा होनी थी, वहीं इंटरमीडिएट की प्रथम पाली में प्रस्तावित सैन्य विज्ञान एवं दूसरी पाली में प्रस्तावित हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा अब नौ मार्च को होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने आगे लिखा कि आप सभी पूर्ण आत्मविश्वास, धैर्य और पूरी क्षमता के साथ इस परीक्षा रूपी महोत्सव में सहभाग करें। परीक्षा को अपनी दिनचर्या का एक सहज हिस्सा मानकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें। मां सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे, आप सभी सफल हों, इस हेतु अनेकानेक मंगलकामनाएं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.